Home Top News ‘फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का…’, नीट पेपर लीक मामले में PM Modi का बड़ा फैसला! छात्रों के लिए क्या कहा?

‘फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का…’, नीट पेपर लीक मामले में PM Modi का बड़ा फैसला! छात्रों के लिए क्या कहा?

by Amit Dubey 23 July 2026, 10:03 AM IST (Updated 23 July 2026, 11:23 AM IST)
23 July 2026, 10:03 AM IST (Updated 23 July 2026, 11:23 AM IST)
PM Modi

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर एक बार फिर से अपनी बात कही है. उन्होंने यह भी कहा है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी ने इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन के लिए निर्देश देने की भी जानकारी दी है.

बता दें कि जून की शुरुआत से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन जारी है. नीट परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर यह प्रदर्शन हो रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में छात्र भी शामिल हैं. बीते 20 जुलाई को सीजेपी का ‘चलो संसद’ मार्च उग्र हो गया था.

संसद भवन के पास भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को लाठीचार्ज करने पड़े थे और आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे. इस दौरान प्रदर्शनकारी और सुरक्षाकर्मी दोनों ओर से कई लोग जख्मी हुए थे. इस बीच बताया जा रहा है कि छात्रों के इस मामले पर पीएम मोदी लगातार नजर बनाए हुए हैं.

फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा- पीएम मोदी

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को सुबह-सुबह ही अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया. इसमें उन्होंने नीट पेपर लीक मामले और देश के युवाओं व छात्रों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. पीएम मोदी ने कहा, ” देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.” उन्होंने आगे एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा, “पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा. इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.”

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं – पीएम मोदी

बता दें कि बीते दिनों दिल्ली में NDA संसदीय दल की बैठक हुई थी. इसका नाम ‘मंगल मिलन’ रखा गया था. इस बैठक में पीएम मोदी ने पहली बार नीट पेपर लीक मामले पर अपनी बात कही थी. इसकी जानकारी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया को दी थी. उन्होंने पीएम मोदी की बातों को बताते हुए कहा था, “नीट परीक्षा के बारे में प्रधानमंत्री ने बताया कि गड़बड़ी की खबरें मिलने पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, तेरह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. इसके अलावा, छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए, बिना किसी देरी के दोबारा परीक्षा कराई गई और नतीजे घोषित किए गए.”

उन्होंने यह भी बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि छात्रों को लेकर सरकार संवेदनशील है. सरकार ने नीट पेपर पेपर लीक पर कार्रवाई की है. पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा दिलाएंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा था कि पेपर लीक पर राजनीति नहीं हो. उन्होंने कहा कि था कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी और आगे ऐसा (पेपर लीक) ना हो इसका इंतजाम करेंगे.

आपने एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद होने दिया- राहुल गांधी

वहीं, पीएम मोदी के आज के इस पोस्ट और ऐलान पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी बात कही है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की एक्स पोस्ट को कोट करते हुए लिखा, “
आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है. आपने न सिर्फ हमारी education system पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया – और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया.”

उन्होंने आगे कहा, “छात्रों की मांगें साफ हैं:

  1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं.
  2. छात्रों से माफी मांगे.
  3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें.”

‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं, दोषियों को…’, नीट पेपर लीक पर पहली बार क्या बोले पीएम मोदी?

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?