PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो की लगभग 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए.उन्होंने पुणे मेट्रो लाइन 3 (जिसे ‘पिंक लाइन’ भी कहा जाता है) का उद्घाटन किया, जिसे 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है. यह परियोजना तकनीकी नवाचार और आधुनिक परिवहन समाधानों के माध्यम से पुणे के शहरी आवागमन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. लगभग 23 किलोमीटर लंबी यह ‘पिंक लाइन’ मान (Maan) को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है.
हिंजवडी से शिवाजीनगर का सफर हुआ आसान
यह कॉरिडोर हिंजवडी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे पुणे के प्रमुख रोजगार केंद्रों तक पहुंच आसान होगी और हजारों आईटी पेशेवरों तथा अन्य यात्रियों का रोज़ाना का सफर सुगम बनेगा. यह कॉरिडोर मौजूदा मेट्रो नेटवर्क के साथ जुड़ जाएगा, जिससे पुणे के विभिन्न हिस्सों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक जाम और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी तथा प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच बेहतर होगी. प्रधानमंत्री ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण (फेज-II) की आधारशिला भी रखी, जिसे लगभग 13,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किया जाएगा.
शहर के मेट्रो नेटवर्क का होगा विस्तार
दूसरे चरण में पुणे मेट्रो की लाइन 2A, 2B, 4 और 4A शामिल हैं, जो शहर के मेट्रो नेटवर्क का काफी विस्तार करेंगी और महत्वपूर्ण आवासीय, व्यावसायिक तथा आईटी केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी. दूसरे चरण के तहत लाइन 2A और 2B की कुल लंबाई लगभग 12.75 किलोमीटर होगी. लाइन 2A वनाज को चांदनी चौक से जोड़ेगी, जबकि लाइन 2B रामवाड़ी को विट्ठलवाड़ी से जोड़ेगी, जिससे मौजूदा पूर्व-पश्चिम मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा. लगभग 25.52 किलोमीटर लंबी लाइन 4, खराडी को खड़कवासला से जोड़ेगी. 6.12 किलोमीटर लंबी लाइन 4A, नल स्टॉप को माणिक बाग से जोड़ेगी.
नए मेट्रो से जुड़ेंगे खराडी, मगरपट्टा, हडपसर, स्वारगेट
बताया गया है कि नए मेट्रो कॉरिडोर कई महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेंगे, जिनमें खराडी, मगरपट्टा, हडपसर, स्वारगेट, माणिक बाग, नांदेड़ सिटी, पुणे छावनी और वारजे शामिल हैं. रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक का पूर्वी विस्तार, खराडी और वाघोली में तेजी से विकसित हो रहे आवासीय, व्यावसायिक और आईटी हब तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा. ये कॉरिडोर स्वारगेट, नल स्टॉप और खराडी बाईपास पर इंटरचेंज सुविधाओं के जरिए अंतर-शहरी बस सेवाओं और मौजूदा पुणे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी.
‘विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने…’ राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना; बहस की दी खुली चुनौती
News Source: ANI
