Festive Special Trains: फेस्टिव सीजन आते ही सबसे बड़ी चिंता होती है घर जाने की. ट्रेन की टिकट, सीट और लंबी वेटिंग लिस्ट देखकर यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है. इसी बीच रांची के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. आने वाले फेस्टिव सीजन को देखते हुए रांची से 7 पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों से अलग-अलग शहरों के लिए सफर करने वाले यात्रियों को और ऑप्शन मिलेंगे. रांची के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) करुणा निधि सिंह ने गुरुवार को बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों को चलाने का फैसला लिया गया है. इनका संचालन अक्टूबर से नवंबर तक अलग-अलग तारीखों पर होगा.
इन रूट्स पर मिलेंगी स्पेशल ट्रेनें
अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक पूजा स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी. वहीं रांची-अलीपुरद्वार-रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक यात्रियों को सुविधा देगी. इसके अलावा रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 3 अक्टूबर से शुरू होगी. संतरागाछी-अजमेर-संतरागाछी स्पेशल का संचालन 12 अक्टूबर से किया जाएगा. इसके अलावा मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है. हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हटिया साप्ताहिक पूजा स्पेशल 12 अक्टूबर से शुरू होगी. वहीं, दक्षिण भारत की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए हटिया-सर एम. विश्वेश्वरैया, बेंगलुरु-हटिया साप्ताहिक पूजा स्पेशल 14 अक्टूबर से चलेगी. इसके अलावा पटना-चेरलापल्ली-पटना द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी रांची होकर गुजर रही है. इसका संचालन 21 सितंबर से ही जारी है.
त्योहारी सीजन से पहले महंगाई का झटका: कमर्शियल LPG सिलिंडर ₹62.50 महंगा, जान लें ताजा रेट
बढ़ेगी यात्रियों की भीड़
पिछले साल त्योहारों के दौरान रांची रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब 55 हजार यात्रियों की आवाजाही हुई थी. इस बार ये संख्या बढ़कर करीब 75 हजार यात्री प्रतिदिन तक पहुंचने की उम्मीद है. यानी स्टेशन पर भीड़ काफी ज्यादा रहने वाली है. इसी को देखते हुए रेलवे ने सिर्फ स्पेशल ट्रेनें चलाने तक ही तैयारी सीमित नहीं रखी है. यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले जाएंगे. ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें और CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे. इसके साथ ही आसपास के स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने की योजना है, ताकि रांची जंक्शन पर भीड़ का कम की जा सके. यानी त्योहारों में घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए ये 7 पूजा स्पेशल ट्रेनें बड़ी राहत लेकर आई हैं. अब टिकट की तलाश में परेशान होने के बजाय यात्री इन सेवाओं का ऑप्शन देख सकते हैं.
‘सरकार माई-बाप नहीं, नागरिक देवो भव’: प्रधानमंत्री ने देश के नागरिकों को बताया सर्वोपरि
