Jharkhand Weather: झारखंड में भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली का कहर बरपा है. इससे राज्य के तीन जिलों में 14 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं.
मानसून के इस बारिश वाले मौसम में बिजली चमकना और कई जगहों पर गिरना देखा जाता रहा है. इसको लेकर मौसम विभाग ने कई बार अलर्ट भी जारी किया है. लोगों से खुले मैदान में और हरे पेड़ के नीचे जाने से मना किया गया है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
तीन जिलों में 14 लोगों की मौत
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि मंगलवार को झारखंड के तीन जिलों में बिजली गिरने से कुल 14 लोगों की मौत हो गई. इन जिलों में गिरिडीह, दुमका और लातेहार शामिल हैं. पुलिस ने आगे बताया कि बिजली गिरने से इन जिलों में चार अन्य घायल भी हुए हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मरने वाले 14 लोगों में से नौ गिरिडीह से, तीन दुमका से और बाकी दो लातेहार से थे.
किस इलाके में कितने लोगों की मौत?
रिपोर्ट के मुताबिक, खोरीमहुआ के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) अमरेंद्र कुमार ने बताया, “गिरिडीह जिले में मेरे सब-डिविजन के तहत आने वाले तीन पुलिस स्टेशनों के इलाकों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए.”
उन्होंने बताया कि इनमें से पांच लोगों की मौत और तीन लोग घायल देवरी पुलिस स्टेशन इलाके में ही हुए, जब वे खेल के बाद एक जगह बैठे थे. उन्होंने यह भी बताया कि मरने वालों में से चार की उम्र 18 से 20 साल के बीच थी.
उन्होंने कहा कि गवां और नौडीहा पुलिस स्टेशन इलाकों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है.
लातेहार के पुलिस अधीक्षक ने क्या दी जानकारी?
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुमका में, जिले के रामगढ़ और हंसडीहा पुलिस स्टेशन इलाकों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत चार अन्य घायल हो गए.
पुलिस ने बताया कि लातेहार में अलग-अलग पुलिस स्टेशन इलाकों में बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. लातेहार के पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार गौरव ने बताया कि चंदवा और सदर पुलिस स्टेशन इलाकों में दो लोगों की मौत हुई.
वहीं, मौसम विभाग की ओर से आने वाले समय में झारखंड में और भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई जा रही है. लोगों से सतर्क और जागरूक रहने को कहा गया है.
UP में आकाशीय बिजली का कहरः खेत तो कहीं घर पर गिरी बिजली, 9 की मौत, मृतकों में 4 एक परिवार के
News Source: PTI
