Assam Flood Update: बीते कई दिनों से असम में भारी बारिश और बाढ़ ने यहां के लोगों को काफी परेशान किया है. राज्य के 15 से अधिक जिले अब तक इस बाढ़ और बारिश से प्रभावित हो चुके हैं. कई लोग बेघर हुए हैं तो वहीं कई लोगों को अपना स्थाई घर कुछ समय के लिए छोड़ना पड़ा है.
अब राहत की बात बताई जा रही है. जी हां, बीते 24 घंटे में असम में किसी की भी मौत की खबर नहीं है, जो काफी राहत वाली बात है. बता दें कि इस साल बाढ़ और भारी बारिश से अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है. बीते दिनों तो एक ही दिन में 20 से अधिक लोगों की जान गई थी, लेकिन अब बाढ़ से राहत मिलने की उम्मीद दिख रही है.
4.45 लाख लोग अभी भी प्रभावित
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में एक सरकारी बुलेटिन के अनुसार बताया गया है कि सोमवार को असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ी सुधार हुई है. पिछले 24 घंटों में किसी नई मौत की खबर नहीं है, हालांकि छह जिलों में 4.45 लाख लोग अभी भी प्रभावित हैं. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव, जोरहाट, नागांव और कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) में 4,45,495 लोग प्रभावित हुए हैं. ये जिले बाढ़ और बारिश से सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं.
रविवार तक राज्य के पांच जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या 5.24 लाख से ज्यादा थी. ASDMA बुलेटिन में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में किसी की मौत की खबर नहीं है और इस साल की बाढ़ में मरने वालों की कुल संख्या 68 बनी हुई है.
चराइदेव सबसे ज्यादा प्रभावित जिला
मिली जानकारी के अनुसार, रिपोर्ट के अनुसार, चराइदेव सबसे ज्यादा प्रभावित जिला रहा, जहां 1,88,404 लोग प्रभावित हुए; इसके बाद शिवसागर (1,44,461) और जोरहाट (74,458) का नंबर आता है.
कुल मिलाकर 90 राहत कैंप चल रहे थे, जिनमें 28,695 विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया था. इसके अलावा, 94 राहत वितरण केंद्र भी काम कर रहे थे.
37,139.52 हेक्टेयर में फैली फसलें जलमग्न
ASDMA ने बताया कि गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी. बुलेटिन में कहा गया है कि NDRF, SDRF और सिविल डिफेंस के जवानों समेत कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्य चला रही हैं और प्रभावित इलाकों में 67 नावें तैनात की गई हैं.
इसमें बताया गया कि 37,139.52 हेक्टेयर में फैली फसलें अभी भी पानी में डूबी (जलमग्न ) हुई थीं, जबकि 26,679 जानवर बह गए. बुलेटिन में यह भी कहा गया कि प्रभावित जिलों के अलग-अलग हिस्सों से घरों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं.
असम में बाढ़ से हाहाकार! 763 गांव जलमग्न, अब तक 68 लोगों की मौत; 5.24 लाख नागरिक प्रभावित
News Source: PTI
