Munger Murder Case: प्यार, भरोसा और फिर एक ऐसी खौफनाक साजिश जिसने मुंगेर से लेकर पूर्णिया तक को हिला कर रख दिया है.
- मुंगेर से अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
Munger Murder Case: प्यार, भरोसा और फिर एक ऐसी खौफनाक साजिश जिसने मुंगेर से लेकर पूर्णिया तक को हिला कर रख दिया है. 40 दिनों से लापता एक बेटी की तलाश जब खत्म हुई, तो सामने आया एक ऐसा सच जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. स्नेहा कुमारी, जो नर्स बनने का सपना देख रही थी, उसे उसके ही प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए शव को श्मशान घाट में जला दिया. पुलिस ने टेक्निकल एविडेंस के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया है, लेकिन मां की पथराई आंखें आज भी इंसाफ की भीख मांग रही हैं. घटना मुंगेर जिला के सफियासराय थाना क्षेत्र की है. आदमपुर निवासी किरण देवी की 25 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी बीते 17 जनवरी से लापता थी. घर से तो वह भागलपुर GNM की ट्रेनिंग के लिए निकली थी लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी. 18 जनवरी को आखिरी बार मां से बात हुई और उसके बाद मोबाइल बंद हो गया. मां दर-दर भटकती रही. पुलिस के चक्कर काटती रही लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पकड़ में आया आरोपी
पुलिसिया तफ्तीश जब शुरू हुई तो शक की सुई पूर्णिया के बरहरा कोठी निवासी नीरज कुमार यादव पर जाकर टिकी. पहले तो नीरज ने अनजान बनने का ढोंग किया लेकिन जब पुलिस ने CDR यानी कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला तो जमीन खिसक गई. 17 जनवरी से लापता होने तक दोनों के बीच 198 बार बात हुई थी. यही नहीं, 17 से 20 जनवरी तक दोनों की मोबाइल लोकेशन भी एक ही जगह पाई गई. इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने नीरज को हिरासत में लिया. जांच की परतें खुलीं तो पता चला कि स्नेहा की हत्या कर उसके शव को पूर्णिया के श्मशान घाट में जला दिया गया है. श्मशान के डोम राजा ने भी मृतका की पहचान की है. लेकिन इस कहानी में एक और खौफनाक मोड़ है. स्नेहा की मां का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या सिर्फ धोखे के लिए नहीं बल्कि अंग तस्करी के लिए की गई. मेरी बेटी की किडनी निकाल ली गई है.
आरोपी को मिलेगी कड़ी सजाः एसपी
मां का आरोप है कि बेटी की गला दबाकर हत्या की गई और सबूत छुपाने के लिए उसे जला दिया गया. हम प्रशासन से मांग करते हैं कि आरोपी नीरज को ऐसी सजा मिले कि किसी और की बेटी के साथ ऐसा न हो. वो लोग झूठ बोल रहे थे, नीरज मदद करने से भी मना कर रहा था. पुलिस ने सब पता लगा लिया है अब उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. इस मामले पर मुंगेर SP सैयद इमरान मसूद ने बताया कि लड़की नीरज से प्रेम करती थी और लड़के की शादी दूसरी लड़की से होने वाली थी. लड़की पूर्णिया लड़के के पास जाती है और शादी का दबाव बनती है, इसलिए लड़के ने इसकी गला दबा कर हत्या कर दी. पुलिस ने जब टीम गठित कर दोबारा पूर्णिया जांच के लिए पहुंची तो किराये के मकान में रह रहे पडोसी ने भी लड़की की तस्वीर को देख कर पहचाना. पडोसी ने कहा कि स्नेहा यहां आई थी. पुलिस टीम मुंगेर पहुंच कर नीरज को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उन्होंने भी अपना जुर्म कबूल किया. मुंगेर एसपी ने बताया की स्पीड़ी ट्रायल कर जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का काम किया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः घर में पांच शव…सिर पर गोलियों के निशान…परिवार सहित भूमि सर्वेक्षक की हत्या से दहला पूरा जिला
