Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया.
Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. ईमेल के जरिए दी गई धमकी में उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू सहित स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और सीएम रेखा गुप्ता का भी जिक्र किया गया है. बम धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के अधिकारी डाग स्क्वायड के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस ने विधानसभा के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. बिना पहचानपत्र के किसी को भी परिसर में घुसने नहीं दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की बजट प्रस्तुति से कुछ घंटे पहले मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली.
परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पुलिस ने कहा कि विधानसभा परिसर की जांच के बाद अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, जबकि तलाशी अभी भी जारी है. यह धमकी मंगलवार सुबह 7:28 बजे विधानसभा अध्यक्ष को एक ईमेल के जरिए मिली. इसके बाद सुबह 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को एक और ईमेल भेजा गया. बम की धमकी के तुरंत बाद सुरक्षा बल डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. एक अधिकारी ने कहा कि हमने परिसर में और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंथिया ने बताया कि विधानसभा में बम निरोधक टीमों सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा जांच की गई. उन्होंने कहा कि जांच में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. आवश्यक पुलिस बंदोबस्त किए गए हैं. ईमेल में कथित तौर पर उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, सीएम गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित कई हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों का जिक्र था.
संदिग्धों की सूचना पुलिस को देने का आग्रह
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. उधर, सुरक्षा बलों ने जांच में पाया कि अधिकतर ई-मेल एन्क्रिप्टेड सर्वरों और VPN सर्वरों के माध्यम से भेजे गए, जिससे प्रेषक की सही जानकारी और पहचान छिपी रहे. जांच में तकनीकी और साइबर सेल विशेषज्ञ भी शामिल रहे. उधर, बम की धमकी भरा E-Mail मिलने पर मोती नगर के भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि यह भाजपा सरकार है. रेखा सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है. हम लोग डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरा E-Mail भेजने वाले को जल्द बेनकाब करेंगी. पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की है यदि दिल्ली विधानसभा परिसर के आसपास कोई संदिग्ध दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.
ये भी पढ़ेंः पश्चिम बंगाल: EC ने जारी की सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट, 29 लाख नामों पर सस्पेंस, चेक करें अपना स्टेटस
News Source: PTI
