Delhi Accident: दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास भीषण सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार को एक ट्रक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य की हालत गंभीर है.
तीनों घायल ट्रामा सेंटर में भर्ती
मंगलवार दोपहर 1 बजे थाना बदरपुर को बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क दुर्घटना के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली. कॉल मिलने पर एसएचओ, एएसआई विजय सिंह और बीट स्टाफ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस को कार और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली. इस दौरान आसपास के लोगों ने घायलों को पहले ही एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचा दिया था. घटनास्थल पर क्राइम टीम को बुलाया गया, जिसने जगह का निरीक्षण किया और तस्वीरें लीं. दुर्घटना करने वाले ट्रक को तुरंत पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया. घायल सुमित (25) को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और मृत घोषित कर दिया गया. वहीं, इमरान (25), एक अज्ञात युवक (30) और सोमेंद्र नाथ (35) का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है.
दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर भागा ड्राइवर
हादसा करने वाला ट्रक हरियाणा के फरीदाबाद में ‘श्री राधेकृष्ण ट्रांसपोर्ट सर्विस’ के नाम से रजिस्टर्ड है. दुर्घटना के बाद ड्राइवर ट्रक को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया. एएसआई विजय सिंह ने कहा कि ड्राइवर की पहचान करने और उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है. वहीं, बदरपुर पुलिस स्टेशन में जरूरी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही मामले से संबंधित आगे की जांच चल रही है. उधर, गुरुग्राम में द्वारका एक्स्प्रेसवे पर देर रात तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. गुरुग्राम के पालम विहार में एक्सप्रेसवे पर ग्रिल लगा रहे चारों श्रमिकों को दिल्ली की तरफ से आ रही अनियंत्रित सफेद कार ने जोरदार टक्कर मारी. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को एक्सप्रेसवे से किनारे हटाया. बाद में मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा गया जबकि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया.
दिल्ली में दर्दनाक सड़क हादसा: DTC बस मार्शल महिला को पहले बाइक ने मारी टक्कर, फिर ट्रक ने कुचला
News Source: IANS
