Home Latest News & Updates दिवाली की खुशियों के बाद दिल्ली में स्मॉग का अटैक, कई इलाकों में AQI 400 पार; सांस लेना हुआ मुश्किल

दिवाली की खुशियों के बाद दिल्ली में स्मॉग का अटैक, कई इलाकों में AQI 400 पार; सांस लेना हुआ मुश्किल

by Preeti Pal 9 November 2026, 9:16 AM IST
9 November 2026, 9:16 AM IST
दिवाली की खुशियों के बाद दिल्ली में स्मॉग का अटैक, कई इलाकों में AQI 400 पार; सांस लेना हुआ मुश्किल

Delhi AQI: दिवाली पर रोशनी, मिठाइयों और आतिशबाजी के जश्न के बाद दिल्ली की सुबह धुएं की मोटी चादर के साथ हुई. सोमवार सुबह राजधानी की हवा इतनी खराब हो गई कि कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया. आसमान में छाई धुंध ने न सिर्फ शहर की खूबसूरती को ढक दिया, बल्कि लोगों की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ा दी. सुबह के वक्त कई जगह विजिबिलिटी कम रही और सड़कों पर धुंध साफ नजर आई.

इन इलाकों की बुरी हालत

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई. बुराड़ी क्रॉसिंग में सबसे ज्यादा AQI 441 दर्ज किया गया. वहीं, विवेक विहार में 437, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में 434 और दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के साथ-साथ जहांगीरपुरी में 433-433 AQI रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा रोहिणी में AQI 430, गाजीपुर में 418, मुंडका में 417, पंजाबी बाग में 409 और ITO में 407 दर्ज किया गया. इन सभी इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में रही. वहीं, अक्षरधाम में AQI 337 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है.

यहां भी अच्छे नहीं हालात

दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी हालात अच्छे नहीं रहे. मथुरा रोड पर AQI 396, आया नगर में 386, लोधी रोड में 370, मंदिर मार्ग में 369, आरके पुरम में 364 और आनंद विहार में 335 दर्ज किया गया. यानी राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को खराब हवा का सामना करना पड़ा. वैसे प्रदूषण की परेशानी सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रही. मुंबई के बांद्रा और कलानगर इलाकों में भी धुंध की मोटी परत दिखाई दी. खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में AQI 264 दर्ज हुआ, जबकि सेवरी में 226, घाटकोपर में 221 और चेंबूर में 216 रहा. लखनऊ में भी कई इलाकों में सुबह धुंध छाई रही.

दिल्ली के चावड़ी बाजार में गिरी 3 मंजिला इमारत : दो लोगों की मौत, ठेकेदार पर FIR और JE-AE सस्पेंड

GRAP-3 के नियम पहले से लागू

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को काबू करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिवाली से तीन दिन पहले ही GRAP के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को लागू कर दिया था. इसके तहत पहले से चल रहे प्रदूषण नियंत्रण उपायों के साथ अतिरिक्त सख्ती भी की जा रही है. इसमें निर्माण गतिविधियों पर रोक, वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण और नियमों का सख्ती से पालन कराने जैसे कदम शामिल हैं. प्राथमिक कक्षाओं के लिए हाइब्रिड पढ़ाई की व्यवस्था भी इसके तहत की जा सकती है. GRAP चार चरणों वाली व्यवस्था है. AQI 201 से 300 होने पर पहला चरण, 301 से 400 पर दूसरा, 401 से 450 पर तीसरा और 450 से ऊपर पहुंचने पर चौथा चरण लागू होता है. चौथे चरण में भारी वाहनों और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर और कड़ी पाबंदियां लगाई जाती हैं.

कितना AQI है खतरनाक?

CPCB के मुताबिक, 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है. ऐसे में दिल्ली की हवा का 400 के पार पहुंचना बड़ी चिंता की बात है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी परेशानी वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. दिवाली की खुशियों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजधानी को इस जहरीली हवा से राहत कब मिलेगी.

News Source: ANI

कुशीनगर में भीषण हादसा: ट्रक से टकराई दिल्ली से बिहार जा रही लग्जरी बस, 3 की मौत, 15 घायल

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?