Delhi News : उत्तम नगर इलाके में 26 वर्षीय युवक की मौत होने के बाद इलाके में भारी तनाव है. हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया है और मामले में मर्डर की धारा को जोड़ा है.
Delhi News : दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली खेलने को लेकर दो पक्षों में विवाद होने के बाद एक 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. इसी बीच डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह का कहना है कि 4 मार्च को रात करीब 11 बजे घटना की जानकारी मिली और स्पेशल स्टाफ समेत लोकल पुलिस मौके पर पहुंच गईं. उन्होंने कहा कि पीसीआर कॉल पर पता चला कि दो समुदाय के बीच झड़प हुई है जिसमें एक तरफ 3 और दूसरी तरफ 5 लोग घायल हुए थे. उस दौरान घायलों को PCR और एंबुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि ज्यादातर लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.
मर्डर की धारा जोड़ी गई
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने कहा कि जब घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था उसके बाद ज्यादातर लोग डिस्चार्ज हो गए लेकिन 26 वर्षीय तरुण कुमार एडिमिट रहा और 5 मार्च की दोपहर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उन्होंने आगे कहा कि शुरुआत में तो सेक्शन 308 के तहत मामला दर्ज किया गया था. तरुण की मौत के बाद पुलिस ने मर्डर की धारा भी जोड़ दी. पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है.
तरुण कुमार के साथ मारपीट के बाद मामला गरमा गया. इस दौरान एक कार और मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया. साथ ही हिंदू संगठनों की तरफ से भारी विरोध के बाद इलाके में यातायात काफी बाधित रहा. पुलिस के सूत्रों के अनुसार पता चला कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन पर भारी विरोध किया. मुख्य सड़क को रोक दिया गया और घंटों तक यातायात अवरुद्ध रहा.
VIDEO | Delhi: On clash during Holi in Uttam Nagar, DCP Dwarka Kushal Pal Singh says, "On March 4 around 11 pm, information about the incident was received and additional staff, including Special Staff and local police, reached the spot. It was found that a clash had taken place… pic.twitter.com/qlx5pQcpyH
— Press Trust of India (@PTI_News) March 7, 2026
भीड़ पर काबू पाने के लिए किया बल प्रयोग
पुलिस कर्मियों को तितर-बितर करने और क्षेत्र में यातायात की आवाजाही बहाल करने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा. पुलिस ने बताया कि उनकी टीम ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए तमाम प्रयास किए, क्योंकि यातायात में कई एंबुलेंस भी फंस गई थीं. पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि काफी मशक्कत करने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर से नहीं हटे तो उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा.
युवक की मौत के बाद भारी तनाव
तरुण कुमार की मौत के बाद इलाके में भारी तनाव है. यही वजह रही कि प्रशासन ने इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात कर दिया है. इस दौरान कुछ लोगों ने एक कार और मोटरसाइकिल में आग लगा दी. हालांकि, अग्निशमन ने समय रहते हुए आग पर काबू पा लिया. अब पुलिस ये पता करने की कोशिश कर रही है कि वाहन में आग किसने लगाई.
यह भी पढ़ें- आम आदमी की जेब को झटका, कमर्शियल सिलेंडर 114.5 रुपए और घरेलू सिलेंडर 60 रुपए महंगा
