Home Latest News & Updates अहमदाबाद में ‘स्मार्ट सिटी’ की खुली पोल: साबरमती और न्यू वासणा में धंसी सड़कें,20 फीट गहरा गड्ढा, यातायात ठप

अहमदाबाद में ‘स्मार्ट सिटी’ की खुली पोल: साबरमती और न्यू वासणा में धंसी सड़कें,20 फीट गहरा गड्ढा, यातायात ठप

by Nikul Patel 8 July 2026, 4:54 PM IST (Updated 8 July 2026, 4:55 PM IST)
8 July 2026, 4:54 PM IST (Updated 8 July 2026, 4:55 PM IST)
अहमदाबाद में 'स्मार्ट सिटी' की खुली पोल: साबरमती और न्यू वासणा में धंसी सड़कें, 20 फीट गहरा गड्ढा, यातायात ठप

Ahmedabad City: मानसून की पहली बारिश के बाद अहमदाबाद में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाओं ने शहर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल दी. साबरमती और न्यू वासणा क्षेत्र में सड़क धंसने से बड़े गड्ढे बन गए, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग की है, जबकि विपक्ष ने राज्य सरकार और नगर निगम पर सवाल उठाए हैं. दूसरी ओर अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने इन घटनाओं के लिए पुरानी भूमिगत गटर लाइन को जिम्मेदार बताया है.

वैकल्पिक मार्गों से निकले वाहन

पहली घटना साबरमती इलाके में सामने आई, जहां साबरमती रेलवे स्टेशन और मोटेरा स्टेडियम को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया. सड़क के बीच करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बनने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग कर यातायात बंद कर दिया. घटना के कारण वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया. मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए. सड़क धंसने की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए. प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने और मरम्मत कार्य में जुट गईं.

घटिया निर्माण पर भड़के लोग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि यदि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ होता तो पहली ही बारिश में इस तरह सड़क नहीं धंसती. लोगों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

साबरमती की घटना के कुछ समय बाद न्यू वासणा क्षेत्र में भी सड़क धंसने का मामला सामने आया. यहां हाल ही में तैयार की गई सड़क का एक हिस्सा बैठ गया, जिससे बड़ा गड्ढा बन गया. इसी दौरान अहमदाबाद नगर निगम का एक डंपर भी गड्ढे में फंस गया. बाद में क्रेन और जेसीबी मशीन की सहायता से डंपर को बाहर निकाला गया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. लोगों ने सड़क निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की.

कांग्रेस ने की जांच की मांग

इन घटनाओं के बाद गुजरात कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी ने राज्य सरकार और अहमदाबाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की.

AMC ने कहा- पुरानी गटर लाइन के कारण धंसी सड़क

वहीं अहमदाबाद नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन कमलेश पटेल ने कहा कि सड़क के नीचे लगभग 25 वर्ष पुरानी गटर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क धंसी है. उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और कुछ दिनों के भीतर सड़क को फिर से यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा. फिलहाल दोनों स्थानों पर मरम्मत का काम जारी है. हालांकि इन घटनाओं ने शहर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता, भूमिगत आधारभूत संरचना के रखरखाव और मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब लोगों की निगाहें इस बात पर हैं कि तकनीकी जांच में सड़क धंसने की वास्तविक वजह क्या सामने आती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है.

हर्ष संघवी की जीरो टॉलरेंस नीति का असर! कच्छ में मुक्त कराई गई सरकारी जमीन; अब बनेगा पुलिस स्टेशन

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?