Gujarat News : गुजरात के नायब एव गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की अपराधियों और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति एक बार फिर जमीन पर दिखाई दी है. पूर्व कच्छ के प्रवेश द्वार माने जाने वाले आडेसर में अपराधी के कब्जे से मुक्त कराई गई करीब 10 हजार वर्गमीटर सरकारी जमीन का उपयोग अब जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाएगा. इस जमीन पर जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया पुलिस स्टेशन बनाया जाएगा. यह मामला कच्छ के आडेसर क्षेत्र का है, जहां राधनपुर-सामखियारी हाईवे पर वन विभाग कार्यालय के समीप स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा था.
अवैध निर्माण करके बनाया गया था होटल
प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन कुख्यात आरोपी हारून अयूब हिंगोरजा के कब्जे में थी. यहां कथित तौर पर ‘सहारा होटल’ नाम से अवैध निर्माण भी किया गया था. गुजरात पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया था. गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी लगातार यह संदेश देते रहे हैं कि अपराधियों द्वारा हड़पी गई सरकारी संपत्तियों और जमीनों का उपयोग समाज और जनता के हित में किया जाना चाहिए. इसी सोच के तहत आडेसर पुलिस ने इस जमीन पर नए पुलिस स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव सरकार और जिला प्रशासन के समक्ष रखा था. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब इस परियोजना को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
निर्माण कार्य की तैयारियों का लिया जायजा
सरकारी मंजूरी मिलने के बाद पूर्व कच्छ के पुलिस अधीक्षक सागर बागमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थल का दौरा किया और निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लिया. अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया को भी गति दी. जानकारी के अनुसार नए पुलिस स्टेशन का निर्माण गुजरात पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा कराया जाएगा. यह भवन आधुनिक जरूरतों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा. पुलिस स्टेशन में पुलिस निरीक्षक (PI) के लिए अलग चैंबर, लॉकअप, स्टाफ रूम, क्राइम रिकॉर्ड रूम, पीएसओ रूम सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसके अलावा पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों के लिए विशाल परिसर, पार्किंग और हरित वातावरण वाला गार्डन भी विकसित किया जाएगा.
दिखेगा सकारात्मक बदलाव
आडेसर का यह क्षेत्र पूर्व कच्छ का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार माना जाता है. राधनपुर-सामखियारी हाईवे पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है. ऐसे में हाईवे के समीप अत्याधुनिक पुलिस स्टेशन बनने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में वृद्धि होगी. हाईवे पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी तेजी से कार्रवाई संभव होगी. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नए भवन के निर्माण से न केवल स्थानीय नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में भी मदद मिलेगी. अपराध नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया और यातायात प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा.
महंगाई की मार: UP में नियामक आयोग की रोक के बावजूद बिजली विभाग ने वसूला फ्यूल सरचार्ज
अपराधियों और भूमाफियाओं को कड़ा संदेश
यह परियोजना केवल एक भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य सरकार के उस दृष्टिकोण का प्रतीक है जिसके तहत अपराधियों से मुक्त कराई गई संपत्तियों को जनहित में उपयोग किया जा रहा है. इससे एक तरफ अपराधियों और भूमाफियाओं को कड़ा संदेश जाएगा. वहीं, दूसरी तरफ आम जनता का कानून और पुलिस व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत होगा. गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की अगुवाई में गुजरात में अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं. आडेसर में लिया गया यह फैसला उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. जिस जमीन पर कभी अवैध कब्जा और गैरकानूनी निर्माण था, वहीं अब जनता की सुरक्षा के लिए आधुनिक पुलिस स्टेशन खड़ा होगा. यह बदलाव प्रशासन की सख्त इच्छाशक्ति और कानून के शासन को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है.
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि नए पुलिस स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आम नागरिकों को पुलिस सेवाओं का लाभ पहले से अधिक प्रभावी तरीके से मिल सकेगा. आने वाले समय में यह परियोजना पूर्व कच्छ में सुरक्षा और सुशासन का नया प्रतीक बनकर उभरेगी.
शिक्षा मंत्री के खिलाफ NSUI ने किया विरोध-प्रदर्शन, उठाई इस्तीफे की मांग; लगाया ये गंभीर आरोप
