Florida Jet Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आवास से करीब 9 मील दूर एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई. विमान रिहायशी इलाके में गिरा, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ और आसमान में आग की लपटों के साथ धुएं का गुबार दिखाई दिया. हादसे के बाद आसपास की सड़कों को बंद करना पड़ा और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बताया कि दुर्घटना से आसपास के बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है. करीब 600 स्थानीय निवासियों को अस्थायी आश्रय और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
बहामास जा रहा था विमान
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था. इसने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसे बहामास के नॉर्थ एल्युथेरा एयरपोर्ट पहुंचना था. फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन इलाके के पास विमान दोपहर करीब 12:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ. अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया पर हादसे को बेहद दुखद बताया और पुष्टि की कि विमान में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई.
कोर्ट पर नियंत्रण को लेकर टस्क और राष्ट्रपति में टकराव, Poland में तख्तापलट के दावों से बढ़ी हलचल
मची अफरा-तफरी
विमान के रिहायशी इलाके में गिरने के बाद आसपास आग फैल गई. मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों और इमरजेंसी टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सुरक्षा के मद्देनजर मिलिट्री ट्रेल सड़क को क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10th एवेन्यू नॉर्थ के बीच बंद कर दिया गया. प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से प्रभावित इलाके से दूर रहने की अपील की. गवर्नर डेसेंटिस के मुताबिक, हादसे की वजह से आसपास के इलाके में मलबा फैल गया और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. प्रभावित लोगों की मदद के लिए अस्थायी आश्रय और जरूरी सामान की व्यवस्था की गई है.
FAA और NTSB करेंगे जांच
अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू करने की बात कही है. जांच की जिम्मेदारी NTSB संभालेगा, जबकि FAA की टीम घटनास्थल पर जांच में सहयोग करेगी. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ़्लाइटराडार24 के मुताबिक, विमान ने उड़ान के बाद करीब 41 हजार फीट की ऊंचाई हासिल की थी. बाद में फ्लोरिडा के पास इसकी ऊंचाई घटने लगी और विमान अचानक तेजी से नीचे की तरफ मुड़ गया. फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है. जांच एजेंसियां विमान की उड़ान से जुड़े आंकड़ों और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही हैं.
News Source: ANI
जवाबी कार्रवाई की तैयारी : ईरान के सर्वोच्च नेता का ऐलान- दोबारा हमला हुआ तो देंगे करारा जवाब
