Ahmedabad News: अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में Porsche कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है. नवरंगपुरा पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से कार चालक की पहचान कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया.
तेज रफ्तार ने रोकी ड्राइवर की रेस
दरअसल, Instagram पर Ahmedabad.urban/Amdavad नाम की आईडी पर एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में Porsche कंपनी की फोर व्हीलर कार का चालक नवरंगपुरा स्थित HCG अस्पताल से लॉ गार्डन की ओर जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर तेज रफ्तार और बेहद लापरवाही से वाहन चलाता नजर आया. पुलिस के मुताबिक, चालक का वाहन चलाने का तरीका सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान को खतरे में डालने वाला था.
वीडियो सामने आने के बाद नवरंगपुरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. जोन-1 के DCP डॉ. हर्षद पटेल और B डिवीजन के ACP एच.एम. कणसागरा के निर्देश पर सर्विलांस स्क्वॉड और लॉ गार्डन चौकी के पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। टीमों ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली.
CCTV फुटेज से मिली पुलिस को सफलता
CCTV फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस को Porsche कार की पहचान करने में सफलता मिली. पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे नवरंगपुरा स्थित HCG अस्पताल से लॉ गार्डन की ओर जाने वाली सार्वजनिक सड़क पर Porsche कार को तेज और खतरनाक तरीके से चलाया गया था. कार का RTO नंबर GJ-18-BP-3357 सामने आया. इसके बाद पुलिस ने कार चालक की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद अक्रान, पुत्र मोहम्मद इलियास तीरमीजी, निवासी ठाकोरवास, लिंबडिया, जिला गांधीनगर के रूप में की.
Porsche कार को पुलिस ने कब्जे में लिया
पुलिस ने उसे Porsche कार के साथ पकड़ लिया. नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन में इस मामले में गु.र.नं. 11191036260162/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 177 और 184 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान Porsche कंपनी की फोर व्हीलर कार नंबर GJ-18-BP-3357 को भी कब्जे में लिया है.
CCTV फुटेज के जरिए वाहन
इस कार्रवाई में नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर एन.ए. देसाई, PSI एन.ए. पटेल, PSI ए.सी. झाला सहित सर्विलांस स्क्वॉड और पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों ने भूमिका निभाई. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साफ है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले खतरनाक ड्राइविंग के वीडियो पर भी पुलिस नजर रख रही है और CCTV फुटेज के जरिए वाहन तथा चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गर्लफ्रेंड का प्यार पड़ा भारी! गर्लफ्रेंड ने कार पर लगाए 3,400 Kiss के निशान, पुलिस ने ठोका जुर्माना
