Girlfriend Car Kiss Marks: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इन दिनों एक ‘Kissing Car’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. कार मालिक की गर्लफ्रेंड ने विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित होकर कार पर 3,400 लिपस्टिक के निशान बना दिए. इसके बाद लोग सोशल मीडिया पर इसे ‘हद से गुजरता प्यार’ बता रहे हैं. हालांकि, प्यार जाहिर करने के लिए किया गया यह सोशल मीडिया स्टंट कार मालिक को भारी पड़ गया. कार पर लिपस्टिक के निशान बनाए जाने के बाद पुलिस ने 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया और तुरंत निशान हटाने का आदेश दिया.
चालान काटने वाले इंस्पेक्टर ने कही ये बात
बताया जा रहा है कि ‘Kissing Car’ दो दिनों से शहर की सड़कों पर चल रही थी और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था. एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी में बदलाव करने के लिए जुर्माना लगाया. ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर अभिषेक रघुवंशी ने मीडिया को बताया कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हुआ था. इस वीडियो में सिटी सेंटर में एक कार चलती हुई दिख रही थी, जिसकी गाड़ी पर लिपस्टिक जैसे निशान थे.
अपने हमशक्ल से मिले क्रिकेटर अंशुल कंबोज, विजय की शपथ से आए थे सुर्खियों में; वीडियो हुआ वायरल
रघुवंशी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि कार थाटीपुर इलाके की थी. उन्होंने कहा कि ड्राइवर को पुलिस स्टेशन ले जाया गया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5500 रुपये जुर्माना लगाया गया है. पुलिस ने इस व्यक्ति से कार साफ करवाई और उस पर लगे लिपस्टिक के सभी निशान भी हटवाए.
विदेशी ट्रेंड को गर्लफ्रेंड ने किया फॉलो
वहीं, कार के मालिक आदित्य सिकरवार ने कहा कि उनकी गर्लफ्रेंड ने ‘विदेशों में चल रहे एक ट्रेंड’ को फॉलो करते हुए इस तरह से कार सजाने का फैसला किया था. उन्होंने आगे कहा कि यही वजह है कि उसने कार पर 3,400 लिपस्टिक के निशान बनाने में साढ़े तीन घंटे लगाए. इसके बाद उसने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. सिकरवार ने यह भी बताया कि मुझे नहीं पता था कि ऐसा करना गैर-कानूनी है और पुलिस की तरफ से एक्शन लेने के बाद मैंने लिपस्टिक के निशान हटाने के लिए कार की पूरी बॉडी को साफ किया.
सिकरवार ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार साफ करवाने के अलावा 5500 रुपये जुर्माना भी लगाया. इसी बीच उन्होंने यह भी माना कि इंसान को कभी भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे कानून का उल्लंघन हो.
News Source: PTI
