Panipat News : पानीपत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक पूर्व बीजेपी निगम पार्षद के कार्यालय में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया. हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया है.
- हरियाणा से साक्षी की रिपोर्ट
Panipat News : पानीपत शहर के वार्ड 17 से पार्षद रजनी गर्ग के पति और BJP के पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्ग पर उनके ही कार्यालय में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया गया. आरोप है कि उनके ही वार्ड के सफाई सुपरवाइजर और उसके परिवार ने इस वारदात को अंजाम दिया. हमले में सुरेंद्र गर्ग की आंख में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर दिल्ली रेफर कर दिया गया है.
दफ्तर में घुसकर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र गर्ग अपने वार्ड स्थित कार्यालय में मौजूद थे. इसी दौरान वार्ड का सफाई सुपरवाइजर अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचा. सुपरवाइजर का इलाका बदलने की बात को लेकर हुई बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सुरेंद्र गर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने उनके चेहरे पर कांच का गिलास दे मारा, जो सीधे उनकी आंख में लगा.
IBM अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
वारदात के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में सुरेंद्र गर्ग को शहर के IBM अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलते ही भारी संख्या में BJP कार्यकर्ता और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया.
डॉक्टरों ने किया दिल्ली रेफर
सुरेंद्र गर्ग का उपचार कर रहे डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी आंख में गहरी चोट आई है. डॉक्टर के अनुसार, आंख की जटिल सर्जरी के लिए पानीपत में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं. चोट की गंभीरता और आंख की रोशनी को होने वाले खतरे को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली (AIIMS या सफदरजंग) रेफर कर दिया गया.
निगम कर्मचारियों में हड़कंप
एक पार्षद प्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा नेता पर नगर निगम के ही कर्मचारी द्वारा हमले की घटना से निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हमलावर सुपरवाइजर और उसका परिवार फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- 700 करोड़ का ईरान ने मार गिराया US का C-130 एयरक्राफ्ट, पायलट को बचाने वाले मिशन में था शामिल
