Ketan Agarwal Murder: पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल का मर्डर का इस समय सुर्खियों में बना हुआ है. केतन अग्रवाल की हत्या उसकी ही मंगेतर सिया गोयल ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की. यह घटना 18 जून की है. सिया और उसके प्रेमी चेतन ने केतन को लोहागढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया और उसकी मौत हो गई. शुरुआत में पुलिस ने इसे एक हादसा माना था. लेकिन जांच में मर्डर की सनसनीखेज कहानी निकलकर सामने आई. फिलहाल सिया और चेतन चौधरी पुलिस कस्टडी में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है. इस बीच मामले में नए खुलासे हो रहे हैं.
छह महीने से बात कर रहे थे सिया और चेतन
पुलिस ने बताया कि केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी करीब छह महीने तक लगातार संपर्क में रहे. उन्होंने एक-दूसरे को 2,004 बार कॉल किया और फोन पर 238 घंटे बिताए. यानी वे बहुत लंबे समय से केतन को मारने का प्लान बना रहे थे. इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने अग्रवाल को लोहागढ़ किले से धक्का देकर मार डाला. सिया और चेतन के कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने पर यह जानकारी सामने आई. पुलिस ने लोहागढ़ किले का सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसमें चेतन को एक हुडी पहने हुए केतन और सिया के पीछे जाता हुआ देखा गया. इन सबूतों के आधार सिया और चेतन की मर्डर प्लानिंग का खुलासा हुआ.
हत्या वाले दिन कैफे में मिले कातिल
सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन हत्या वाले दिन एक-दूसरे मिले भी थे. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि घटना वाले दिन, गोयल और चौधरी कथित तौर पर एक कैफे में मिले और अग्रवाल को खत्म करने के प्लान पर बातचीत की. दोनों ने पहले ही किले में एक ऐसी जगह की पहचान की, जहां से केतन को धक्का दिया जा सके. सोशल मीडिया पर सिया और केतन की तस्वीरें देखने से लगता है कि दोनों बहुत खुश थे. केतन सिया को बहुत प्यार करता था और उसे सर्प्राइज देता रहता था. इसके बावजूद सिया ने अपने मंगेतर की जान ले ली.
“पहले भी की मारने की कोशिश”
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सिया ने पहले भी केतन की हत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन उसने अपनी जान बचा ली. परिवार के मुताबिक, सिया ने केतन से लड़ाई की और जोर दिया कि वे लोहागढ़ जाएं. 14 जून को सिया और केतन लोहागढ़ किले में उसी जगह गए, वहां सिया ने केतन को धक्का दे दिया. उस समय वह पास की झाड़ियों को पकड़कर खुद को बचाने में कामयाब रहा. जब केतन को एहसास हुआ कि उसे धक्का दिया गया है, तो सिया ने सांप होने का झूठा शोर मचाया और कहा कि उसने उसे बचाने के लिए धक्का दिया था. इसके बाद वे सिया 18 जून को दोबारा केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई और अपन बॉयफ्रेंड चेतन के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी.
मातम में बदली खुशियां
सिया और केतन दोनों ही अमीर परिवार से थे. परिवार के मुताबिक, दोनों की फरवरी मे सगाई हुई थी. राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक पैलेस बुक किया था और मेहमानों को लाने के लिए दो प्राइवेट प्लेन का इंतजाम किया था. लेकिन उससे पहले ही सिया ने अपने जन्मदिन पर केतन की हत्या कर दी. पहले सिया और केतन अपने प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने वाले थे, लेकिन सिया ने पासपोर्ट खोकर बाली जाने का प्लान कैंसिल कर दिया. इसके बाद सिया ने अपने बर्थडे पर केतन से लोहागढ़ जाने के लिए जिद की और उसे वहां 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया.
33°C की गर्मी में हुडी पहना शख्स! इस एक सुराग से खुला करोड़पति केतन की हत्या का राज
News Source: PTI
