Student Suicide: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक 17 साल के छात्र ने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि उसे अपनी पसंद के कॉलेज में एडमिशन नहीं मिला. उस लड़के का परिवार घोड़बंदर रोड पर हीरानंदानी एस्टेट के एक महंगे हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में रहता था. उसने अपने परिवार के WhatsApp ग्रुप पर एक मैसेज भेजा जिसमें उसने अपनी जान देने का इरादा बताया. हालांकि, इससे पहले कि कोई बीच-बचाव कर पाता, लड़के ने 4 सितंबर की शाम को रिफ्यूजी इलाके की एक बिल्डिंग के 22वें फ्लोर से कूदकर जान दे दी.
95.7 प्रतिशत नंबरों से पास की 12वीं
पुलिस के मुताबिक, लड़के के परिवार को किसी गड़बड़ी का शक नहीं है और उन्होंने यह कदम पूरी तरह से पढ़ाई की परेशानी की वजह से उठाया है. पुलिस ने बताया कि लड़के ने हाल ही में 95.7 प्रतिशत नंबरों के साथ 12वीं की साइंस की परीक्षा पास की थी और इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIEST), शिबपुर (कोलकाता) से BS-MS की डुअल डिग्री करना चाहता था. लेकिन एप्टीट्यूड टेस्ट में 10,474 रैंक आने के बाद भी उसे सीट नहीं मिली. उन्होंने बताया कि नामी इंस्टिट्यूट में एडमिशन न मिलने के बाद उसकी निराशा और बढ़ गई.
परिवार को मैसेज भेजकर दी जान
पुलिस के मुताबिक, लड़का 4 सितंबर को शाम करीब 7.30 बजे अपने घर से निकला था और अपने परिवार को बताया था कि वह साइकिल चलाने जा रहा है. रात करीब 8.15 बजे उसने अपने परिवार के WhatsApp ग्रुप पर एक मैसेज भेजा जिसमें उसने अपनी जान देने का इरादा बताया. मैसेज देखने और उसका फोन बंद मिलने पर, उसके परिवार ने तुरंत कासरवडावली पुलिस को बताया. पुलिस और परिवार के लोग इलाके में ढूंढने के लिए दौड़े और लड़के को उसके अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर गंभीर रूप से घायल पड़ा पाया. पुलिस ने बताया कि उसे ठाणे के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के पिता के बयान के आधार पर एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है.
छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या
इससे पहले ठाणे की एक 18 साल की छात्रा ने भी कॉलेज में एडमिशन न मिलने पर अपनी जान दे दी थी. पुलिस के अनुसार, उसने 12वीं कॉमर्स से पास की थी और बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस में दाखिला लेना चाहती थी. उसे पता चला कि मुंबई में विश्विद्यालय में बीसीए कोर्स के लिए ऑनलाइन एडमिशन बंद हो गया है. इससे वह डिप्रेशन में चली गई और 18 जून को अपने घर चूहे मारने वाली दवा खा ली. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
News Source: PTI
