Home Latest News & Updates मुंबई में मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई! चार नगर निगम अधिकारी सस्पेंड

मुंबई में मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई! चार नगर निगम अधिकारी सस्पेंड

by Amit Dubey 2 July 2026, 6:31 PM IST (Updated 2 July 2026, 6:52 PM IST)
2 July 2026, 6:31 PM IST (Updated 2 July 2026, 6:52 PM IST)
Man falls into Manhole

Man Falls into Manhole in Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार को जबरदस्त बारिश हुई. इस बीच शहर में खुले एक मैनहोल में 55 वर्षीय व्यक्ति की गिरने से मौत हो गई. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में भारी बारिश के बीच एक खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. इसके बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने चार नगर निगम अधिकारियों को निलंबित कर दिया. इसके साथ ही एक हाई लेवल जांच समिति का गठन भी कर दिया. आइए जानते हैं पूरी खबर.

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, बीएमसी अधिकारियों ने बताया, तीन संविदा श्रमिकों ने खारियानी रोड के किनारे एक सीवर लाइन पर बने मैनहोल पर सुरक्षात्मक ग्रिल लगाने के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया था. तभी कथित तौर पर मोबाइल फोन पर बात कर रहा एक व्यक्ति गलती से उस खुले हिस्से में गिर गया.

उन्होंने बताया कि दमकल विभाग और नागरिक आपदा प्रबंधन टीमों ने तलाशी अभियान चलाया और बाद में उस व्यक्ति का शव बरामद किया गया.

इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह व्यक्ति, जिसकी पहचान बाद में असलम इशाक शेख के रूप में हुई, एक टेम्पो के पास से गुजरता हुआ और अचानक गायब होता हुआ दिखाई दिया. फुटेज में कुर्ला-साकिनाका इलाके में स्थित खुले मैनहोल में झांकते हुए मौके पर मौजूद कर्मचारी भी दिखाई दिए.

अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने उसकी तलाश के लिए मैनहोल में सीढ़ी डाली, लेकिन उन्हें केवल उसका छाता और चप्पलें ही मिलीं. प्रारंभिक जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने कहा कि पानी के तेज बहाव के कारण शुरुआत में यह निर्धारित करना संभव नहीं था कि वह किस दिशा में बह गया था.

उन्होंने बताया कि बाद में वह व्यक्ति गिरने के स्थान से कुछ दूरी पर मिला. एक अधिकारी ने बताया, “दमकलकर्मी ने बचाव उपकरण की मदद से अंडरग्राउंड सुरंग में उतरकर उस व्यक्ति को बाहर निकाला.” बीएमसी अधिकारी ने बताया कि उन्हें तुरंत नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सात दिनों के भीतर रिपोर्ट देने का आदेश

वहीं, इस मामले में एल वार्ड के चार नगर निगम अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. पहली नजर में ठेकेदार साइट पर पर्याप्त सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने में विफल रहा. विज्ञप्ति में आगे कहा गया कि ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है.

नगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने मैनहोल दुर्घटना में हुई मौत की जांच करने और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाने हेतु अतिरिक्त नगरपालिका आयुक्त (पश्चिमी उपनगर) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है. समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है.

दिल्ली वालों को मिली गर्मी से राहत, झमाझम बारिश के साथ छाया अंधेरा, जानें कब तक सुहाना रहेगा मौसम

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?