Mad Sandhu Shooter: अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या के मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. क्राइम ब्रांच ने इस हत्याकांड में कथित शूटर को अहमदाबाद के वाडज इलाके से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमिंदर काका उर्फ परमिंदर प्रसाद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी इस हत्याकांड में शूटर की भूमिका में था.
गोली मारकर इन्फ्लुएंसर की हत्या
जानकारी के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पंजाब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. इस मामले में अमृतसर कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 186/2026 दर्ज की गई है. पुलिस ने मामला BNS की धारा 103 के तहत दर्ज किया है. जांच के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने भी इस मामले में कार्रवाई शुरू की. क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी परमिंदर काका के अहमदाबाद में होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद टीम ने वाडज इलाके में कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया.
इंटरनेशनल गैंग का नाम आया सामने
पुलिस के मुताबिक, परमिंदर काका की भूमिका केवल घटनास्थल पर फायरिंग करने तक सीमित नहीं थी. आरोपी ने हत्या को अंजाम देने के लिए बाइक की व्यवस्था करने में भी भूमिका निभाई थी. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश किस तरह तैयार की गई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे. इस हत्याकांड में गोल्डी ढिल्लों की इंटरनेशनल गैंग का नाम भी सामने आया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि उसके गैंग से किस तरह के संपर्क थे और हत्या के लिए उसे किसने निर्देश दिए थे. साथ ही हथियार की व्यवस्था, बाइक और हत्या के बाद आरोपी की गतिविधियों को लेकर भी पूछताछ की जा सकती है.
जांच जारी
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हत्या पंजाब के अमृतसर में हुई थी, जबकि इस मामले में कथित शूटर की गिरफ्तारी गुजरात के अहमदाबाद से हुई है. इससे मामले की जांच का दायरा पंजाब से बाहर भी जुड़ता दिखाई दे रहा है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और गैंग के नेटवर्क को लेकर और जानकारी सामने आने की संभावना है.
LGBTQ इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की दर्दनाक हत्या, अमृतसर में दिनदहाड़े मारी गोली
