Mad Sandhu Murder: पुलिस ने बताया कि शनिवार को यहां मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि यह घटना शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर हुई. एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस सिरीवेनेला ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने मैड संधू पर गोली चलाई और मौके से भाग गए. संधू का असली नाम मधुसूदन है. पुलिस ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चोटों के कारण उनकी मौत हो गई.
दो-तीन राउंड की फायरिंग
संधू पर तब हमला हुआ जब वह अपनी कार लेने एक दुकान पर आए थे, जिसे उन्होंने धोने के लिए दिया था. करीब दो-तीन राउंड गोलियां चलाई गईं. एक चश्मदीद का कहना है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को बहुत करीब से गोली मारी गई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में संधू सड़क पर खून से लथपथ पड़े दिखे और कुछ लोग उन्हें उठाने की कोशिश कर रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. ADCP ने कहा कि उन्हें कुछ सुराग मिले हैं और वे जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे. हालांकि, हमले की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने कहा कि वे कई पहलुओं पर जांच कर रहे हैं.
फैशन को लेकर हुई आलोचना
संधू पॉडकास्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मेकअप और LGBTQ+ से जुड़े मुद्दों पर बात करते थे. उन्हें अपने कंटेंट स्टाइल और फैशन पसंद को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना और विरोध का भी सामना करना पड़ा था. कुछ महीने पहले, एक निहंग सिख ने उनके सोशल मीडिया कंटेंट और कपड़ों पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि उनके वीडियो का युवाओं पर बुरा असर पड़ेगा. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.26 लाख फॉलोअर्स थे और उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘ओये भोले ओये’ में एक्टिंग भी की थी.
सियासत तेज
कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने अमृतसर में हुई हत्या की हालिया घटना का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर AAP सरकार की आलोचना की. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि AAP सरकार पंजाब में आम आदमी की जान बचाने में नाकाम रही है. अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी इस घटना को लेकर AAP सरकार की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि संधू को लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं और उन्होंने सोशल मीडिया पर भी खुलकर इन धमकियों का जिक्र किया था. इसके बावजूद, सरकार और पुलिस ने इस मामले को उतनी गंभीरता से नहीं लिया, जितनी गंभीरता से लेना चाहिए था. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते धमकियों को गंभीरता से लिया जाता और जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो शायद एक बेगुनाह की जान बचाई जा सकती थी.
‘पहले की मारपीट, फिर फाड़े लड़की के कपड़े…’ नाइट क्लब के बाउंसरों ने की की सारी हदें पार!
News Source: ANI
