Sukhbir Badal Attack: गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के पास एक गुरुद्वारे के अंदर शिरोमणि अकाली दल के चीफ सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हुआ. एक निहंग वेषधारी व्यक्ति ने चाकू से उन पर हमला किया. पुलिस ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया. अब हमलावर की पहचान करीब 60 साल के जसपाल सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि हमला करने वाला आदमी पिछले दो साल से वहां ‘सेवादार’ के तौर पर काम कर रहा था और पुणे का रहने वाला है.
हमले के बाद किया सरेंडर
एक चश्मदीद के मुताबिक, बादल पर कथित तौर पर ‘कृपाण’ से हमला करने के बाद उसने कहा, “मैं सरेंडर करता हूं, मैं सरेंडर करता हूं.” इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि हमलावर सिखों के ‘निहंग’ ग्रुप का सदस्य था, क्योंकि उसने वैसा ही वेश बना रखा था. एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि आरोपी जसपाल सिंह 60-62 साल का है और गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगत में सेवादार के तौर पर काम कर रहा था. नांदेड़ के पुलिस सुपरिटेंडेंट नीलाभ रोहन ने बताया कि महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) भी पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहा है.
ड्रग्स समस्या को लेकर गुस्से में था आरोपी
SP रोहन ने कहा कि जसपाल सिंह के पास कॉमर्स और लॉ की डिग्री है और वह अपने परिवार के साथ पुणे में रहता है. वह नांदेड़ में अकेला रह रहा था. ”हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ चल रही है. हम उसका बैकग्राउंड चेक कर रहे हैं….शुरू में उसने कहा था कि वह पंजाब में ड्रग्स समस्या को लेकर गुस्से में था, लेकिन हमले का सही कारण पूरी जांच के बाद ही पता चलेगा. SP ने कहा, “हमें हमलावर के किसी गैंग कनेक्शन या क्रिमिनल बैकग्राउंड का भी पता नहीं चला है.”
सिक्योरिटी के बीच हुआ हमला
पंजाब के पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर बादल पर नांदेड़ से करीब 15 km दूर गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगत में दोपहर करीब 1.45 बजे हमला हुआ. उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनके दाहिने हाथ में दो से तीन टांके लगे. बादल का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है.
नांदेड़ में तख्त सचखंड श्री हजूर अपचलनगर साहिब गुरुद्वारे के पूर्व सेक्रेटरी रविंदर सिंह बुंगई ने कहा कि जब यह घटना हुई, तब वह वहां मौजूद थे. उन्होंने कहा, “वह (बादल) सीढ़ियों से नीचे उतरे थे और उस जगह पर थे जहां भक्त अपने पैर धोते हैं. हमला अचानक हुआ, इससे पहले कि कोई समझ पाता कि क्या हो रहा है. (आरोपी) जसपाल सिंह ने हमले के बाद कहा, ‘मैं सरेंडर करता हूं.. मैं सरेंडर करता हूं.'” बुंगई ने कहा कि यह शर्मनाक है कि ऐसा तब हुआ जब कोई गुरुद्वारे जा रहा था, वह भी Z-प्लस सिक्योरिटी के बीच. सीएम फडणवीस ने हमले की निंदा की है और जांच के निर्देश दिए हैं.
नांदेड़ गुरुद्वारे के अंदर शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला, बाल-बाल बचे
News Source: PTI
