Tamil Nadu Free Cylinders: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सोमवार को जनता के लिए बड़े ऐलान किए हैं. उन्होंने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा स्कीम को बढ़ाने और डीलक्स-एक्सप्रेस जैसी सर्विस को लाभार्थियों के लिए फ्री करने का ऐलान किया है. साथ ही विजय ने TVK के चुनावी वादों को पूरा करते हुए तीन फ्री LPG गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया. विधानसभा में सीएम ने परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रोकने की भी घोषणा की है. इस प्रोजेक्ट का उन किसानों ने कड़ा विरोध किया था जो अपनी खेती की जमीन नहीं देना चाहते थे.
कोई शर्त नहीं, हर बस यात्रा फ्री
सीएम विजय ने कहा, “महिलाओं के लिए बिना किराए वाली बस यात्रा- वेट्री पायनम का फायदा उठाने के लिए इनकम लिमिट या ट्रिप की संख्या जैसी कोई शर्त नहीं होगी.” महिलाएं मेट्रोपॉलिटन और शहरी इलाकों में चलने वाली एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सरकारी बसों में और सबअर्बन (मोफस्सिल) और पहाड़ी इलाकों में रेगुलर किराए वाली बसों में भी फ्री में सफर कर सकती हैं. उन्होंने कहा कि यह स्कीम 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के साथ शुरू होगी और इस कदम से राज्य सरकार को हर साल 6,000 करोड़ रुपये का एक्स्ट्रा खर्च आएगा.
सालाना 3 फ्री गैस सिलेंडर
विधानसभा चुनाव से पहले सीएम विजय ने अन्नापूरानी सुपर सिक्स वेलफेयर स्कीम का वादा किया था. इसके तहत उन्होंने भरोसा दिलाया था कि उनकी सरकार बनने होने के बाद हर पात्र परिवार को सालाना छह फ्री LPG सिलेंडर दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा ” सरकार ने पहले फेज में हर पात्र परिवार को तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने का फैसला किया है और सिलेंडर की कीमत सीधे लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में जमा की जाएगी. इससे उन लोगों पर बोझ कम होगा जो सिलेंडर लेने के लिए ज्यादा पैसे खर्च कर रहे हैं.”
इस कदम से लगभग 2.5 लाख रुपये सालाना इनकम वाले 1,30,16,104 परिवारों, आर्थिक रूप से पिछड़े, छोटे और मीडियम किसान परिवारों, दिव्यांग और गरीब परिवारों को फायदा होगा. विजय ने कहा, “तैयारी शुरू हो गई है और यह स्कीम इस पोंगल (जनवरी के बीच में) 2027 के त्योहार पर लागू की जाएगी.” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पहल के लिए हर साल 4,000 करोड़ रुपये देगी.
हवाई अड्डे के प्रोजेक्ट पर रोक
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि नया एयरपोर्ट ऐसी जगह पर बनाया जाना चाहिए जिसका खेती की जमीन और रिहायशी इलाकों पर कम से कम असर हो. उन्होंने कहा कि 20 जनवरी, 2025 को उन्होंने एकनापुरम और आस-पास के गांवों का दौरा किया और परंदूर और आस-पास के 12 गांवों में प्रस्तावित एयरपोर्ट का विरोध कर रहे लोगों की चिंताएं सुनीं. उन्होंने कहा, “मैं परंदूर और आस-पास के गांवों में एयरपोर्ट बनाने का विरोध कर रहे लोगों के साथ पूरी तरह खड़ा हूं.” उन्होंने अधिकारियों को नए एयरपोर्ट के लिए एक दूसरी जगह पहचानने का निर्देश दिया, जहां खेती की जमीन पर कम से कम असर पड़े और लोगों की रोजी-रोटी भी न जाए. विजय ने कहा, “जनता से किया वादा पूरा करने के लिए… यह सरकार परंदूर में नया एयरपोर्ट बनाने के लिए उठाए गए कदम वापस लेगी.”
FCRA बिल के खिलाफ तमिलनाडु में पेश हुआ प्रस्ताव, TVK सरकार ने किया विरोध; केंद्र के आगे रखी ये मांग
News Source: PTI
