Home Latest News & Updates मथुरा में 3 और 4 अक्टूबर को BJP-RSS का महामंथन, 85 दिनों का बनेगा चुनावी रोडमैप, तय होंगी जिम्मेदारियां

मथुरा में 3 और 4 अक्टूबर को BJP-RSS का महामंथन, 85 दिनों का बनेगा चुनावी रोडमैप, तय होंगी जिम्मेदारियां

by Kamlesh Kumar Singh 30 September 2026, 6:29 PM IST
30 September 2026, 6:29 PM IST
मथुरा में 3 और 4 अक्टूबर को BJP-RSS का महामंथन, 85 दिनों का बनेगा चुनावी रोडमैप, तय होंगी जिम्मेदारियां

UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है. चुनावी रणनीति को अंतिम धार देने के लिए बीजेपी और संघ के नेताओं की दो दिवसीय चिंतन बैठक 3 और 4 अक्टूबर को मथुरा में होने जा रही है. बैठक में अगले 85 दिनों की सघन कार्ययोजना पर मंथन होगा. बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और उनकी समय सीमा तय किए जाने की तैयारी है.

अब तक की तैयारियों की होगी समीक्षा

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के पहले सत्र में यूपी चुनाव को लेकर बीजेपी की अब तक की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. इसमें संगठन की जमीनी स्थिति, बूथों की सक्रियता और शक्ति केंद्रों के कामकाज का फीडबैक लिया जाएगा. इसके अलावा मंडल, जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर से मिले कार्यकर्ताओं के फीडबैक को भी बैठक में रखा जाएगा. फीडबैक के आधार पर चुनावी रणनीति में जरूरी बदलाव और संगठन के अलग-अलग स्तरों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा होगी.

मजबूत बूथ पर रहेगा फोकस

मथुरा बैठक में बीजेपी का प्रमुख फोकस बूथ को मजबूत करने पर रहेगा. शक्ति केंद्रों के साथ-साथ मंडल और जिला स्तर पर संगठन को चुनावी जरूरतों के मुताबिक और सक्रिय करने की रणनीति तैयार की जाएगी. पार्टी की कोशिश होगी कि संगठन की चुनावी तैयारी सिर्फ प्रदेश और जिला स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर सीधे बूथ स्तर पर दिखाई दे. बैठक में सबसे ज्यादा जोर अगले 85 दिनों के एक्शन प्लान पर रहने की संभावना है. बीजेपी इन 85 दिनों को चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानकर चल रही है.

तय समय के भीतर कार्य पर जोर

दुर्गापूजा और दीपावली जैसे त्योहारों के बीच उपलब्ध समय को ध्यान में रखते हुए संगठन और चुनावी अभियान से जुड़े कामों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना बनाई जाएगी. बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक किस स्तर पर कौन-सा काम होना है और उसे कब तक पूरा करना है, इसका रोडमैप तैयार किया जा सकता है. बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं को पहले से दी गई जिम्मेदारियों की समीक्षा भी होगी. तय जिम्मेदारियों पर कितना काम हुआ, कहां कमी है और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयास की जरूरत है, इस पर चर्चा होगी. जरूरत के मुताबिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को नए दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं. मकसद साफ है कि अगले 85 दिनों में संगठन की तैयारियों को एक तय समय सीमा के भीतर जमीन पर उतारा जाए.

चुनावी तैयारी को बूथ तक पहुंचाने की कवायद

मथुरा की बैठक ऐसे समय हो रही है जब बीजेपी यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों को लगातार आगे बढ़ा रही है. अब पार्टी का जोर रणनीति बनाने के साथ-साथ उसे बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू करने पर है. यानी मथुरा में होने वाली दो दिवसीय बैठक में सिर्फ चुनावी रणनीति पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि अगले 85 दिनों के लिए जिम्मेदारी, लक्ष्य और समय सीमा तय करने पर भी फोकस रहेगा.

MLC Election: बिहार-यूपी के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए BJP उम्मीदवारों का ऐलान

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?