MLC Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को बिहार और उत्तर प्रदेश में 2026 के विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की. बिहार के लिए पार्टी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनके यादव, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया है.
वाराणसी से केदार नाथ सिंह मैदान में
उत्तर प्रदेश में BJP ने वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिनेश गोयल, इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर और वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रमोद मिश्रा को मैदान में उतारा है. यह सूची BJP के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने जारी की. पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगरा शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है. हरि किशोर तिवारी को आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से BJP का उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि ध्रुव त्रिपाठी गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे.
नामांकन शुरू, रही गहमा-गहमी
मंगलवार को लखनऊ संभागीय आयुक्त (Divisional Commissioner) के कार्यालय में विधान परिषद (MLC) चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई. नामांकन के दौरान काफी गहमा-गहमी रही. प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पर पहुंचे. कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. लखनऊ के जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने नामांकन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और प्रक्रिया के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की. निगरानी बढ़ाने और पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. नामांकन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर है.
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
नामांकन प्रक्रिया लखनऊ संभागीय आयुक्त के कार्यालय में हुई , जहां उम्मीदवारों ने MLC चुनावों के लिए अपने कागजात जमा किए. DCP (पश्चिम) जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें मुख्य गेट, रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष, बाहरी क्षेत्रों और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए कर्मियों को तैनात किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के सुचारु रूप से चले, इसके लिए महिला पुलिसकर्मियों और ट्रैफ़िक पुलिस को भी तैनात किया गया है.
विधान परिषद चुनाव में पूरी ताकत झोंकेगी BJP, अवध क्षेत्र की बैठक में बनी रणनीति, बूथ प्रबंधन पर जोर
News Source: ANI
