Asia Cup: गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित FIBA U18 एशिया कप-2026 का शानदार समापन ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक जीत के साथ हुआ. फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने चीन को 89-79 से हराकर लगातार दूसरी बार बास्केटबाल का FIBA U18 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंतिम चरण में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया. फाइनल के पहले हाफ में भी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा.
बास्केटबॉल को लेकर रहा खासा उत्साह
हाफ टाइम तक ऑस्ट्रेलिया ने चीन पर 44-42 की मामूली बढ़त बना रखी थी. इसके बाद तीसरे और चौथे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी रणनीति और आक्रामक खेल को और मजबूत किया. निर्णायक क्षणों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए चीन को वापसी का मौका नहीं दिया और 10 अंकों के अंतर से मुकाबला जीत लिया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से Jai Fa’ale ने 19 अंक, Bailey Hanson ने 15 अंक, Yahya Basaran ने 13 अंक और Harry Cook ने 11 अंक बनाए. वहीं चीन की ओर से Yizhaojie Zhang ने सर्वाधिक 20 अंक, जबकि Yuchen Zhang और Junxian Li ने 13-13 अंक का योगदान दिया. अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से शहर में बास्केटबॉल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
न्यूजीलैंड ने कोरिया को हराया
तीसरे स्थान के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने कोरिया को 102-97 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया. दोनों टीमों के बीच मुकाबला आखिरी मिनट तक रोमांचक बना रहा. मैच के अंतिम दो मिनट में कोरिया के खिलाड़ी फाउल ट्रबल में फंस गए, जिसका फायदा न्यूजीलैंड ने उठाया. फ्री थ्रो के जरिए मिले महत्वपूर्ण अंकों को न्यूजीलैंड ने सफलतापूर्वक भुनाया और पोडियम फिनिश हासिल की. न्यूजीलैंड की ओर से Jackson Ball ने 29 अंक, Philip Wickham ने 19, Cole Hopoi ने 14 और Aubrey Chunga ने 12 अंक बनाए.
वहीं कोरिया के Jiwon Yoon ने 29 अंक के साथ शानदार प्रदर्शन किया. पांचवें स्थान के मुकाबले में जापान ने ईरान को 88-83 से हराया. हाफ टाइम तक जापान 33-36 से पीछे था, लेकिन तीसरे क्वार्टर में 27-20 का स्कोर करते हुए जापान ने मुकाबले में शानदार वापसी की. जापान की जीत में Kaito Nakamura के 30 अंक बेहद महत्वपूर्ण रहे. वहीं सातवें स्थान के मुकाबले में Chinese Taipei ने Philippines को 89-78 से हराया. Chinese Taipei की ओर से Carter Coleman ने 23, Yu-Sheng Xing ने 17 और Ting-Kuan Liu ने 13 अंक बनाए.
चार टीमों ने FIBA U19 वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालिफाई
FIBA U18 एशिया कप-2026 के परिणाम के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, चीन, न्यूजीलैंड और कोरिया ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले FIBA U19 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है. अहमदाबाद में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता ने गुजरात को वैश्विक खेल मंच पर एक नई पहचान दिलाई है. प्रतियोगिता के सफल आयोजन से राज्य में विकसित हो रही आधुनिक खेल सुविधाओं, बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की क्षमता और बास्केटबॉल सहित अन्य खेलों के लिए बढ़ते माहौल को भी मजबूती मिली है. अहमदाबाद में FIBA U18 एशिया कप-2026 का रोमांच खत्म हो गया, लेकिन इस आयोजन ने गुजरात के खेल इतिहास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है.
ऑस्ट्रेलिया को हराकर बांग्लादेश ने रचा इतिहास! ऐसा करने वाली बनी दूसरी एशियाई क्रिकेट टीम
