Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए 2 अक्टूबर का दिन और खास बन गया. भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा भारवर्ग के फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने चीन की बॉक्सर बाओ जियाई को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. खास बात ये है कि लवलीना ने अपने जन्मदिन के दिन ही ये बड़ी उपलब्धि हासिल की. यानी इस बार जन्मदिन का केक बाद में, गोल्ड पहले! लवलीना की इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना 12वां गोल्ड मेडल हासिल कर लिया है. फाइनल मुकाबले में चीनी बॉक्सर बाओ जियाई ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. हालांकि, लवलीना ने जल्दबाजी नहीं की. उन्होंने अपने एक्सपीरियंस का इस्तेमाल करते हुए मुकाबले को धीरे-धीरे अपने कंट्रोल में लिया.
लवलीना की धीमी शुरुआत
दिलचस्प बात ये रही कि सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में लवलीना की शुरुआत थोड़ी धीमी रही. सेमीफाइनल में उन्होंने कजाखस्तान की बॉक्सर को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया था. लेकिन गोल्ड मेडल के मुकाबले में उन्हें बाओ जियाई की आक्रामक रणनीति से निपटना पड़ा. फाइनल में लवलीना ने कई मौकों पर क्लिंच का सहारा लिया और सही टाइम का इंतजार किया. उन्होंने हर पंच का जवाब सोच-समझकर दिया और मुकाबले में अपनी बढ़त बनाए रखी. जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़े, लवलीना का आत्मविश्वास भी बढ़ता गया. आखिर में उनका रणनीतिक खेल काम आया और जजों ने सर्वसम्मत फैसला भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में दिया.
लवलीना ने रचा इतिहास
इस गोल्ड के साथ लवलीना ने एशियन गेम्स में एक इतिहास भी रच दिया है. वो मैरी कॉम के बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की दूसरी महिला मुक्केबाज बन गई हैं. लवलीना के लिए ये उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वो एशियन गेम्स के इतिहास में गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला बॉक्सर बन गई हैं. इससे पहले वो एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीत चुकी थीं. हालांकि, इस बार उन्होंने मेडल का कलर बदलकर गोल्ड कर दिया है. वहीं, मैरी कॉम ने 2010 और 2014 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज और गोल्ड मेडल जीते थे. इस तरह भारतीय महिला बॉक्सिंग के इतिहास में दोनों खिलाड़ियों का नाम खास उपलब्धियों के साथ दर्ज है. वैसे, लवलीना शुक्रवार को अपना 29वां जन्मदिन मना रही हैं. ऐसे में गोल्ड मेडल उनके लिए किसी शानदार बर्थडे गिफ्ट से कम नहीं है. रिंग में दमदार पंच और चेहरे पर जीत की चमक के साथ लवलीना ने अपना जन्मदिन हमेशा के लिए यादगार बना लिया है.
News Source: ANI
भारत ने जीता 7वां गोल्ड, महिला तीरंदाजी टीम ने चीन को हराकर की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
