CJP Protest: राजधानी दिल्ली में आज सियासी गरमाहट चरम पर है. आज कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का प्लान बनाया है. इस प्रदर्शन को रोकने के लिए सरकार ने दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया है. किसी भी प्रदर्शनकारी को नई दिल्ली में घुसने नहीं दिया जा रहा है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस विरोध प्रदर्शन के लिए कोई इजाजत नहीं दी गई है.
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सरकार ने 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं, ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है और जंतर-मंतर के आस-पास इंटरनेट भी बंद कर दिया है. दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है, बॉर्डर पॉइंट्स पर गाड़ियों की चेकिंग तेज कर दी है और आने-जाने के मुख्य रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं. इसलिए ऑफिस के लिए निकलने से पहले आप एक बार ताजा अपडेट जरूर जान लें.
ये मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
दिल्ली मेट्रो ने एक्स पर जानकारी दी कि नीचे दिए गए मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट 9 अक्टूबर, 2026 को रात 9:00 बजे से 10 अक्टूबर, 2026 को शाम 6:00 बजे तक बंद रहेंगे. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और उसी के अनुसार जरूरी जानकारी दी जाएगी. हालांकि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर बाकी सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी. जनपथ, पटेल चौक, केन्द्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, दिल्ली हाट-आईएनए, हौज़ खास, जोर बाग, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, चावड़ी बाज़ार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्व विद्यालय, कश्मीरी गेट, इन्द्रलोक, गुरु तेग बहादुर नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आज़ादपुर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, सीलमपुर, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, स्वागत है, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा और रिठाला मेट्रो स्टेशन शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे.
रास्ते डायवर्ट किए गए
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा “हालात को देखते हुए 10.10.2026 को सुबह 06:00 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा. आम जनता को सूचित किया जाता है कि नीचे दी गई जगहों और उनके आस-पास के रास्तों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है”
- शंकर रोड गोलचक्कर – वंदे मातरम ‘T’ पॉइंट (नई दिल्ली की ओर)
- धौला कुआं फ्लाईओवर
- झंडेवालान गोलचक्कर
- पंचकुइयां गोलचक्कर
- मंडी हाउस गोलचक्कर
- डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (W-पॉइंट)
- राम चरण अग्रवाल चौक (A-पॉइंट)
- मिंटो रोड/दीन दयाल उपाध्याय मार्ग
- गुरु नानक चौक
- चेम्सफोर्ड रोड – आउटर सर्कल कनॉट प्लेस T-पॉइंट
- भैरौं रोड-MGM (रिंग रोड) T-पॉइंट
- लोधी रोड फ्लाईओवर
- नीला गुंबद गोलचक्कर
- मदरसा T-पॉइंट
- सम्राट होटल गोलचक्कर
- सरदार पटेल मार्ग – पंचशील मार्ग क्रॉसिंग
- भीकाजी कामा प्लेस के नीचे
- मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे
- रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग T-पॉइंट
- अशोक रोड – जंतर-मंतर रोड गोलचक्कर
- विंडसर पैलेस गोलचक्कर
- टॉल्स्टॉय-जनपथ क्रॉसिंग
- रेल भवन गोलचक्कर
- जय सिंह रोड – संसद मार्ग क्रॉसिंग
- आउटर सर्कल कनॉट प्लेस – बाराखंबा रोड T-पॉइंट
- गोल डाक खाना गोलचक्कर
- पटेल चौक गोलचक्कर
- जय सिंह रोड – अशोक रोड T-पॉइंट
- RML अस्पताल गोलचक्कर
- आउटर सर्कल कनॉट प्लेस – संसद मार्ग T-पॉइंट
ट्रेनें रद्द, इंटरनेट बंद
प्रदर्शन के चलते रेलवे ने 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 4:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली सभी मेल, एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनों को रद्द कर दिया है. आज शराब की दुकानें बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं. दिल्ली में दस डिटेंशन सेंटर भी बनाए गए हैं. इसके अलावा, नई दिल्ली जिले में जंतर-मंतर के 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं.
#WATCH | Delhi: The RAF has been deployed at Firoz Shah Road, Mandi House, ahead of the protest today at Jantar Mantar. https://t.co/3oGqIqwIUz
— ANI (@ANI) October 10, 2026
प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं
CJP ने शनिवार (आज) को विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. वे मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और SIR प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. यह प्रस्तावित प्रदर्शन विपक्ष और भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के बीच “वोट चोरी” और वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच हो रहा है.
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की इजाजत देने से इनकार कर दिया. पुलिस ने इसके लिए इलाके में पहले कानून-व्यवस्था बिगड़ने का हवाला दिया. पुलिस ने एक आधिकारिक पत्र में कहा कि हालांकि पहले एक दिन के विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी गई थी, लेकिन भीड़ लगभग एक महीने तक जमा रही, जिससे 200 से ज़्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने यह भी दावा किया कि आपराधिक रिकॉर्ड वाले 2,000 से ज़्यादा लोगों ने प्रदर्शनों में हिस्सा लिया, जिससे इलाके में हिंसा की घटनाएं हुईं.
10 विपक्षी सासंदों की राष्ट्रपति से मुलाकात हुई खत्म, उठाया वोट चोरी का मुद्दा; रखी ये मांगें
