Haryana Bawal: हरियाणा के हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उस समय भारी बवाल खड़ा हो गया जब एक डेयरी संचालक की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई. इस हिंसक टकराव में हांसी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार के हाथ में गंभीर चोटें आईं और उनका खून बहने लगा. इसके अलावा डिप्टी सुपरिटेंडेंट (DSP) रैंक के एक अधिकारी और कई पुलिसकर्मी तथा किसान भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
यह झड़प तब हुई जब किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित प्रदर्शनकारी राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर जबरन बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को तिरंगा फहराना था. प्रदर्शनकारियों ने पूर्व में ही इस कार्यक्रम के विरोध और प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसके चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. प्रदर्शनकारी बीती 4 अगस्त को हुई डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं. इस मामले में पुलिस अब तक सात संदिग्धों को हिरासत में ले चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है. उग्र भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके जवाब में प्रदर्शनकारियों की तरफ से पथराव किया गया.
समारोह से पहले पुलिस-किसान आमने-सामने
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से आए किसानों की पुलिस से दो-तीन जगहों पर झड़प हुई. उन्हें हांसी के गवर्नमेंट कॉलेज ग्राउंड में हो रहे समारोह की ओर जाने से रोका जा रहा था. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जवाब में प्रदर्शनकारियों ने भी पथराव किया. हांसी के SP विनोद कुमार के हाथ पर पत्थर लगने से उन्हें चोट लग गई. DSP और इंस्पेक्टर समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी घायल हो गए. SP ने बताया कि कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है.
4 अगस्त को हुई थी डेयरी संचालक की हत्या
यह हत्या 4 अगस्त की सुबह हुई, जब हिसार जिले के सूर्य नगर में कुछ लोगों ने डेयरी चलाने वाले जीवन पर हमला कर दिया. जीवन अपनी मोटरसाइकिल से ट्रॉली खींचकर गोबर फेंकने जा रहे थे, तभी पड़ोस के 10-12 युवकों ने उन्हें घेर लिया. पुलिस ने बताया कि युवकों ने जीवन को लाठियों और डंडों से पीटा, जिससे वे बेहोश हो गए. उनका परिवार गंभीर रूप से घायल जीवन को पास के अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हिसार पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है.
पंजोखरा साहिब विवाद: अंबाला में पुलिस और सिख संगत के बीच टकराव, दागे गए आंसू गैस के गोले, यातायात ठप
News Source: PTI
