Jharkhand Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने अपना आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. छात्रों ने रविवार को सभी जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी के पुतले जलाने की घोषणा की. उन्होंने JMM-कांग्रेस गठबंधन पर अपनी मांगों को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया. आंदोलन के 23वें दिन प्रदर्शनकारियों ने सत्ताधारी गठबंधन पर उनके मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया. साथ ही छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए 20 अगस्त को उनके आवास का घेराव करने की घोषणा की है.
सीएम को सभी मांगें मान लेनी चाहिए
प्रदर्शनकारियों ने एक दिन पहले शनिवार को कांग्रेस से गठबंधन से समर्थन वापस लेने की मांग की थी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सोरेन हमारी मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं. झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को कहा कि सीएम हेमंत सोरेन को प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें मान लेनी चाहिए. इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रमुख छात्र संगठन की मुख्य मांगों में 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करना, सभी परीक्षाओं में सीबीआई जांच कराना, जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना शामिल है. छात्र गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि सरकार को इसका आदेश देना चाहिए. मैं पूछना चाहता हूं कि सरकार इससे क्यों डर रही है.
झारखंड प्रदर्शन का 21वां दिन, छात्रों की भूख हड़ताल जारी, 15 अगस्त को निकालेंगे ‘तिरंगा यात्रा’
सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है सरकार
मरांडी ने कहा कि अगर सरकार अपनी बात पर अड़ी रहती है तो वह युवाओं और स्टूडेंट को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है. वहीं, स्टूडेंट की ओर से मुख्यमंत्री आवास घेरने को लेकर बीजेपी नेता ने कहा कि हमारी पार्टी छात्रों के आंदोलन को नैतिक समर्थन देती है क्योंकि वह तीन हफ्तों से भी ज्यादा समय से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिन्हा ने कहा कि हमारी पार्टी 18 अगस्त को एक बैठक करेगी. इसमें झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं में सुधार पर चर्चा करेगी. साथ ही झारखंड के युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाएगी.
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए छात्रों की आवाज को मजबूत से उठाएगी. JPSC-JSSC सुधार मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. साथ ही उनके इस्तीफे की भी मांग करेगा. JMM और कांग्रेस दोनों ही हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि हम यह भी मांग करते हैं कि अगर मुख्यमंत्री राहुल गांधी की बात नहीं सुन रहे हैं, तो राहुल गांधी को JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे तब तक अपना प्रदर्शन वापस नहीं लेंगे जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती है.
झारखंड आंदोलन: पूर्व CM रघुवर दास ने दी भूख हड़ताल की धमकी, ABVP करेगा देशव्यापी प्रदर्शन
News Source: PTI
