Noida Bus Fire: दिल्ली-NCR से सटे ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह दुखद हादसा हुआ. नोएडा से महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल-डेकर AC स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. बसे में बैठे नौ यात्रियों की जलने और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. बस में कुल करीब 35 यात्री सवार थे, लेकिन सभी बाहर नहीं निकल पाए. यह हादसा ग्रेटर नोएडा से आगरा जा रही यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास हुआ.
9 यात्रियों की मौत
चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही प्राइवेट डबल-डेकर बस दयानतपुर गांव के पास पहुंची, बस में अचानक आग लग गई और धूंआ फैलने लगा. ड्राइवर ने तुरंत बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया. पूरी बस आग की लपटों में घिर गई. इससे पहले कि यात्री कुछ समझ पाते, बस में काला धुआं भर गया और चीख-पुकार मच गई. शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया था कि आग का पता चलते ही ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और कई यात्री भाग निकले. लेकिन अब नोएडा पुलिस से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, आग में जलने से नौ यात्रियों की मौत हो गई है.
बुज़ुर्ग महिला और एक दिव्यांग बच्चे की भी मौत
मरने वालों में एक बुज़ुर्ग महिला और एक दिव्यांग बच्चा शामिल है. घायलों को कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. BR 32 PA 8647 नंबर की बस दिल्ली से महोबा जा रही थी और माना जा रहा है कि यह राज कल्पना ट्रैवल्स की बस थी. टोल कर्मचारियों के मुताबिक, डबल डेकर बस कुछ ही सेकंड में आग की लपटों में घिर गई. एक्सप्रेसवे की प्राइवेट सिक्योरिटी टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश की. बस में आग लगने की वजह से जेवर टोल और फलैदा कट के पास आधे घंटे से ज़्यादा समय तक ट्रैफिक रुका रहा. आग पर काबू पाने के बाद ट्रैफिक फिर से शुरू किया गया. बस में आग लगने का कारण पता नहीं चला है. चार से पांच फायर इंजन ने आग पर काबू पाया.
CM योगी ने लिया संज्ञान
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. CM ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और अधिकारियों को घायलों के सही इलाज का इंतजाम करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात की और उन्हें हर मुमकिन मदद देने का निर्देश दिया. उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
तेलंगाना के RIMS अस्पताल में भीषण आग: AC ब्लास्ट के कारण दो शिशुओं की मौत, दो गंभीर
News Source: PTI
