Sahil Wakode Father Protest: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के पिता ने सोमवार को साउथ मुंबई के आजाद मैदान में अपने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एक्शन लेने की मांग करते हुए धरना शुरू किया है. रवींद्र वाकोडे ने कहा है कि जब तक उनके बेटे को इंसाफ नहीं मिल जाता और जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक वह अपना धरना जारी रखेंगे. बता दें, साहिल ने कथित तौर पर 10 दिन पहले सुसाइड कर लिया था. साहिल के परिवार ने आरोप लगाया है यूनिवर्सिटी में उसके साथ जातिगत भेदभाव हुआ, जिस कारण उसने सुसाइड कर लिया.
“लड़ाई जारी रखूंगा”
रवींद्र वाकोडे ने रविवार को कहा था, “मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, भले ही मुझे अरेस्ट कर लिया जाए. मेरे बेटे को संवैधानिक तौर पर इंसाफ मिलना चाहिए. यह छत्रपति शिवाजी, फुले, शाहू और अंबेडकर का राज्य है. मैं आजाद मैदान में अपना धरना शुरू करूंगा. मैं इंसाफ के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगा.” सेकंड-ईयर का स्टूडेंट साहिल वाकोडे (22) 18 सितंबर की शाम को अपने हॉस्टल के कमरे में लटका हुआ मिला था. इससे कुछ घंटों पहले उसे मिड-सेमेस्टर एग्जाम के दौरान कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन में ChatGPT से चीटिंग करते हुए प्रोफेसल सूर्यनारायण डूला ने पकड़ा था.
प्रोफेसर डूला के खिलाफ एफआईआर
इससे पहले, साहिल के परिवार ने गुरुवार को आजाद मैदान में भूख हड़ताल की थी और बाद में घोषणा की थी कि रवींद्र वाकोडे और उनकी पत्नी सोनाली सोमवार से वहीं अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले की जांच कर रही है. IIT बॉम्बे बोर्ड ने पहले साहिल की मौत के हालात की जांच के लिए 10 सदस्यों की एक कमेटी बनाई थी. प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला, जो पुलिस FIR में जातिगत भेदभाव और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नामजद एक फैकल्टी मेंबर हैं, को निष्पक्ष जांच के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है.
छात्रों का प्रदर्शन
IIT बॉम्बे के छात्रों ने शुक्रवार रात जांच कमेटी को फिर से बनाने की मांग को लेकर कैंडललाइट मार्च निकाला. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा पैनल के कुछ सदस्यों ने डूला को सपोर्ट किया था. छात्रों के एक ग्रुप ने रविवार को कैंपस में अपना शांतिपूर्ण धरना जारी रखा. “जस्टिस कॉर्नर” नाम के धरना स्थल पर शनिवार से ही विरोध प्रदर्शन जारी है. दूसरे बड़े इंस्टिट्यूट के छात्र संगठनों ने भी वाकोडे परिवार को सपोर्ट किया है और साहिल की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और एक्शन की मांग की है.
News Source: ANI
