Telangana Accident: बुधवार सुबह तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में एक बड़ा हादसा हो गया. एक प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 12 अन्य घायल हो गए. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4.30 बजे कोडाद मंडल के पास हुई, जब हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही प्राइवेट बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. बस में करीब 42 यात्री सवार थे.
घायलों को अस्पताल भेजा गया
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने PTI को बताया, “दुर्घटना में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई. कम से कम 12 अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.” मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक प्राइवेट बस हैदराबाद से विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश जा रही थी, तभी उसकी टक्कर एक खड़े कंटेनर से हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से श्रतिग्रस्त हो गया, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए.
जांच जारी
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव का काम शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया. केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कहा कि शक है कि बस के टकराने से पहले ट्रक एक रोड डिवाइडर से टकरा गया था. पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया. उन्होंने दुखी परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई. एक आधिकारिक रिलीज में कहा गया कि उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर मेडिकल केयर देने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया.
पहले भी हुआ हादसा
इससे पहले तेलंगाना के जगतियाल जिले के कोंडागट्टा गांव के बाहरी इलाके में एक ट्रक ने TGSRTC बस को टक्कर मार दी, जिसमें कम से कम 25 यात्री घायल हो गए. लगभग 50 यात्रियों को लेकर बस करीमनगर से निजामाबाद जा रही थी. शाम करीब 5:45 बजे यह हादसा हुआ. पुलिस के मुताबिक कथित तौर पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिसमें 25 लोग घायल हो गए.
गायों को बचाने के चक्कर में पिकअप-ट्रक की भीषण टक्कर, NH-719 पर 8 मजदूरों की मौत, 32 घायल
News Source: PTI
