Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार वर्षों से जारी जंग अब तक किसी निर्णायक नतीजे पर नहीं पहुंची है. दोनों देशों के बीच मिसाइल और ड्रोन से लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण भारी तबाही मची हुई है. इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को यूक्रेन पर रूस के हालिया हमलों की कड़ी निंदा की. उन्होंने बताया कि इन हमलों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. इसके अलावा यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है. जेलेंस्की ने सर्दियों से पहले ‘पैट्रियट इंटरसेप्टर’ और अन्य वायु रक्षा प्रणालियां (एयर डिफेंस सिस्टम) उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर दोहराई है.
बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा
अपनी एक्स पोस्ट में यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में ही रूस ने यूक्रेन के इलाकों पर लगभग 1,600 गाइडेड एरियल बम, 48 मिसाइलें और करीब 2,300 अटैक ड्रोन से हमले किए हैं, जिससे जान-माल और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने यह भी बताया कि निप्रो में हुए हमलों में चार लोगों की मौत हो गई और बच्चों समेत 22 लोग घायल हो गए. वहीं, विन्नित्सिया में एक अपार्टमेंट पर रूसी ड्रोन हमले में छह लोग घायल हुए. उन्होंने आगे कहा कि खार्किव में रूस के कई हमलों के कारण बचाव कार्य में लगे कर्मी भी घायल हो गए. जेलेंस्की ने अपनी एक अन्य पोस्ट में लिखा कि पिछले एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर लगभग 1,600 गाइडेड एरियल बम, बैलिस्टिक मिसाइलों समेत 48 अलग-अलग तरह की मिसाइलें और करीब 2,300 अटैक ड्रोन दागे हैं. इन हमलों हर दिन कई लोग मारे जा रहे हैं.

आपातकालीन सेवाओं पर भी हमला किया
जेलेंस्की ने कहा कि निप्रो क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में चार लोगों की मौत हो गई. मैं उनके परिवारों और प्रियजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. 11 साल की एक बच्ची समेत 22 अन्य लोग घायल हुए हैं. विन्नित्सिया में एक रूसी ड्रोन ने ऊंची आवासीय इमारत पर हमला किया, जिसमें छह लोग घायल हो गए. खार्किव में रूसियों ने पहले एक होम इम्प्रूवमेंट हाइपरमार्केट पर हमला किया और फिर वहां पहुंची आपातकालीन सेवाओं को निशाना बनाते हुए एक और क्रूर हमला किया. इन हमलों से हुए नुकसान का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि रात भर में थर्मल पावर प्लांट, सब-स्टेशन, कोयला खदानों, अनाज भंडारण केंद्रों, शॉपिंग मॉल और एक पोस्टल लॉजिस्टिक्स हब पर भी हमले किए गए.
रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की जरूरत
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रूस की इन कार्रवाइयों को ‘कूटनीति और अलगाव से बाहर निकलने’ के प्रयासों के जवाब के रूप में बताया. उन्होंने जोर देकर कहा कि जेट-इंजन वाले ‘शहेद’ ड्रोन और अन्य खतरों के खिलाफ यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की सख्त जरूरत है. रूस कूटनीति और खुद को अलग-थलग किए जाने से बाहर आने की कोशिशों का जवाब इस तरह देता है. यह बहुत जरूरी है कि बातचीत की प्रक्रिया के साथ-साथ लोगों की जान बचाने वालों को मिलने वाला समर्थन कम न हो. हमें यूरोपीय देशों द्वारा पहले ही मंजूर किए जा चुके ‘पैट्रियट इंटरसेप्टर’ की डिलीवरी को बहाल करने की जरूरत है. जेट-इंजन वाले ‘शहेद’ से बचाव के लिए हमें यूक्रेन की लड़ाकू वायु सेना को समर्थन देना जारी रखना होगा. इस तरह का हर रक्षा पैकेज गों की जान बचाने में मदद करता है. मैं उन सभी साझेदारों को धन्यवाद देता हूं जो इस तरह का समर्थन दे रहे हैं.

स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन किया
मालूम हो कि इससे पहले स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने कहा था कि यूक्रेनी सेना ने स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन किया है. वे इसका इस्तेमाल ‘लोगों को मारने’ के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में कर रहे हैं. एक्स पर एक पोस्ट में मस्क ने कहा कि इस ‘खामी’ को पिछले हफ्ते ही बंद कर दिया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के शुरुआती दिनों में रूस को यूक्रेन पर पूरी तरह कब्जा करने से रोकने में स्टारलिंक की भूमिका बहुत अहम थी. साथ ही मस्क ने एक्स पर दावा किया कि स्टारलिंक एक आम कमर्शियल सर्विस है. इसका इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में करना कभी भी मंजूर नहीं था और न ही होना चाहिए. उन्होंने कहा कि ‘स्टारशील्ड’ एक अलग सिस्टम है, जिसे अमेरिकी सरकार कंट्रोल करती है. वे क्या करना चाहते हैं, यह उन पर निर्भर है. यूक्रेनी सेना ने स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन किया और इसका इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में किया. उस खामी को पिछले हफ्ते बंद कर दिया गया था. मस्क ने आगे कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा के लिए स्टारलिंक अभी भी बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने दावा किया कि दुनिया की किसी भी अन्य निजी कंपनी की तुलना में स्पेसएक्स ने कीव के लिए कहीं ज्यादा काम किया है. मस्क ने यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को लेकर अपने ‘युद्ध-विरोधी’ विचारों पर भी जोर दिया.

ट्रंप ने जताई युद्ध के समाधान की उम्मीद
दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के समाधान की उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद वाशिंगटन दोनों देशों के साथ व्यापार करेगा. फ्लोरिडा के पाम बीच में अपनी पत्नी और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के साथ वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने इस संघर्ष पर कहा, ‘हम चाहते हैं कि हालात फिर से सामान्य हो जाएं, रूस और यूक्रेन के बीच कोई समझौता हो जाए. हम दोनों के साथ व्यापार कर सकें. मुझे लगता है कि इस युद्ध के खत्म होने के बाद हम यूक्रेन और रूस के साथ व्यापार करेंगे. ये ताजा हमले ऐसे समय में हुए हैं जब शुक्रवार को अमेरिकी व्हाइट हाउस ने बताया कि फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच ओलेशकी शहर को लेकर एक युद्धविराम समझौता कराया है, जो 29 अक्टूबर से लागू होगा.

लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी
गौरतलब हो कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में भारी तबाही झेल रहे ओलेशकी शहर के लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने इस शहर में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर युद्धविराम कराने में अहम भूमिका निभाई. मेलानिया के मुताबिक, यह शहर ‘तबाही के कगार पर’ है. प्रस्तावित स्थानीय युद्धविराम अगले सप्ताह से शुरू होगा. यूक्रेन, रूस और अमेरिका के वार्ताकारों के बीच शुक्रवार को एक समझौता हुआ. इसके तहत दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र में रूस के कब्जे वाले ओलेशकी शहर में मानवीय सहायता पहुंचाई जाएगी. व्हाइट हाउस के अनुसार, मेलानिया ट्रंप दोनों देशों के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही थीं. सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें ओलेशकी की गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने इस दिशा में बातचीत शुरू की. व्हाइट हाउस ने बताया कि मेलानिया ट्रंप और उनके एक प्रतिनिधि ने युद्धविराम की शर्तें तय करने के लिए रूस और यूक्रेन के नेतृत्व के साथ सीधे संपर्क कर काम किया. इस पहल का उद्देश्य युद्ध से प्रभावित शहर के लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने का रास्ता खोलना है.
मंगलवार से शुरू होगा युद्धविराम
इस प्रयास में यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि रूस के साथ एक स्थानीय युद्धविराम मंगलवार से शुरू होगा और कई दिनों तक चलेगा. यूक्रेन के ओम्बड्समैन और मुख्य वार्ताकार दिमित्रो लुबिनेट्स ने कहा कि यह युद्धविराम खेरसॉन क्षेत्र और जरूरी आस-पास के इलाकों में लागू होगा. उन्होंने कहा कि यह पहल भविष्य के मानवीय मिशनों के लिए एक मॉडल बन सकती है. रूसी अधिकारियों ने भी इस समझौते की पुष्टि की. शुक्रवार को लुबिनेट्स ने मेलानिया ट्रम्प को धन्यवाद दिया और कहा कि इस समझौते को पूरा करना मुश्किल होगा. उन्होंने बताया कि समझौते के तहत पहले युद्धविराम होगा और उसके बाद बहुत जरूरी मानवीय सहायता पहुंचाई जाएगी. उन्होंने ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि अंत में आम नागरिकों को ओलेशकी से बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी. लुबिनेट्स ने यह भी कहा कि यह ऑपरेशन धीरे-धीरे चलाया जाएगा और इसे लागू करना बेहद चुनौतीपूर्ण है.
बारूदी सुरंगों को हटाना होगा
दूसरी ओर, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ‘फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप’ की इस घोषणा का स्वागत किया. गुटेरेस ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लड़ाई में यह स्थानीय विराम ‘तत्काल, पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम’ की दिशा में एक कदम बन सकता है. इससे ‘अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुरूप यूक्रेन में एक व्यापक, न्यायपूर्ण और स्थायी शांति’ स्थापित हो सकेगी. सबसे पहले बारूदी सुरंगों को हटाना होगा. लुबिनेट्से ने बताया कि ओलेशकी तक के रास्ते से बारूदी सुरंगों को हटाना होगा, ताकि वहां मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था की जा सके. उन्होंने इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी कि सहायता अभियान की निगरानी कैसे की जाएगी या फिर इसे कैसे लागू किया जाएगा. उनसे पूछा गया कि क्या मेलानिया ट्रम्प यूक्रेन जाएंगी? उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि जब मेलानिया ट्रम्प को ओलेशकी के हालात के बारे में पता चला, तो उनकी देखरेख में बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई. कई हफ्तों तक हमने कई सवालों और विचारों पर चर्चा की. हमने नए तरीके, तंत्र और साधन तैयार किए. ओलेशकी के आम नागरिकों की जान बचाने के लिए हर संभव मदद की जा सके.
‘एक और युद्ध छिड़ जाए, नहीं बदलेगी ईरान की नीति’, अरागची की सैन्य कार्रवाई को लेकर चेतावनी
News Source: ANI
