Home Top News साइबर ठगों से रहें सावधान: करोड़ों के मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग को लगाया 39 लाख का चूना

साइबर ठगों से रहें सावधान: करोड़ों के मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग को लगाया 39 लाख का चूना

by Sanjay Kumar Srivastava 25 October 2026, 4:46 PM IST
25 October 2026, 4:46 PM IST
साइबर ठगों से रहें सावधान : करोड़ों के मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग को लगाया 39 लाख का चूना, ऑनलाइन शेयर निवेश में धोखाधड़ी

Online Fraud: ऑनलाइन शेयर में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी कर एक बुजुर्ग से 39 लाख रुपये ठग लिए गए. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने बुजुर्ग को निवेश के बाद करोड़ों के फायदे की बात कही थी. आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने कई लाख रुपये निवेश कर दिए. गोवा में दो लोगों को एक बुजुर्ग के साथ ऑनलाइन निवेश योजना के नाम पर 39.01 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

गोवा से दो गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि गोवा से गिरफ्तार किए गए आरोपियों सागर प्रकाश ढोलवी और अजिंक्य रवींद्र अभंग का संबंध पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के पुणे जिले के नारायणगांव और आलेफाटा इलाकों से है. पुलिस अधीक्षक (साइबर क्राइम) जीवबा दलवी ने बताया कि 3 अक्टूबर को उत्तरी गोवा के पोरवोरिम निवासी एक 60 वर्षीय व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था. शिकायतकर्ता का आरोप था कि 21 अगस्त से 28 सितंबर के बीच उनके साथ 39,01,047 रुपये की धोखाधड़ी की गई. आरोपियों ने उनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया और उन्हें एक ऑनलाइन शेयर निवेश योजना में शामिल होने का लालच दिया.

कई बैंक खातों में पैसे हुए ट्रांसफर

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए और उन्हें एक फर्जी निवेश एप्लिकेशन पर काल्पनिक मुनाफा दिखाया गया. जब उन्होंने अपना निवेश और मुनाफा निकालना चाहा, तो आरोपियों ने और पैसों की मांग की और फिर जवाब देना बंद कर दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि 10.8 लाख रुपये अभंग से जुड़े एक बैंक खाते में, जबकि 12 लाख रुपये ढोलवी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे. पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के 23.12 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए गए हैं.

हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह

सब-इंस्पेक्टर अनिल पोलेकर के नेतृत्व में गोवा साइबर क्राइम पुलिस टीम की जांच के बाद इन दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम जनता को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग एप्लिकेशन के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों को लेकर सावधान रहना चाहिए, खासकर उन प्रस्तावों को लेकर जिनमें गारंटीड या बहुत अधिक रिटर्न देने का वादा किया जाता है. पुलिस ने सलाह दी है कि अगर किसी को साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का संदेह हो, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर जाकर इसकी रिपोर्ट करें.

सावधान! मुंबई में रिटायर्ड ऑफिसर को CBI का डर दिखाकर ऐंठे 1.27 करोड़, 8 दिन तक रखा दहशत में

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?