Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को जबरदस्त वापसी देखने को मिली. सोमवार की गिरावट के बाद मंगलवार सुबह दलाल स्ट्रीट पर फिर रौनक लौट आई. सेंसेक्स करीब 500 अंक उछल गया. वहीं, निफ्टी ने एक बार फिर 22,500 का लेवल पार कर लिया. बाजार की इस तेजी के पीछे आईटी शेयरों में शानदार खरीदारी, निचले लेवल्स पर निवेशकों की दिलचस्पी और बाजार में उतार-चढ़ाव कम होने जैसे कई बड़े कारण रहे.
सेंसेक्स-निफ्टी की रिकवरी
मंगलवार सुबह 10:49 बजे बीएसई सेंसेक्स 485.21 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,409.89 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 153.70 अंक यानी 0.69 प्रतिशत चढ़कर 22,517.05 पर पहुंच गया. हालांकि, बाजार में तेजी के बावजूद सभी शेयरों में खरीदारी नहीं दिखी. करीब 1,618 शेयर बढ़त में थे, जबकि 1,929 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, 169 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ. ऐसे में अब जानते हैं कि, आखिर वो कौन से फेक्टर हैं, जिनकी वजह से शेयर बाजार में तेजी लौटी.
सस्ते शेयर खरीदने का मौका
सोमवार की गिरावट के बाद मंगलवार को निवेशकों ने कम कीमतों पर अच्छे शेयरों में खरीदारी शुरू की. इसे शेयर बाजार की भाषा में वैल्यू बाइंग कहा जाता है. निफ्टी आईटी के बाद रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली. निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा. इसके अलावा एफएमसीजी सेक्टर में भी खरीदारी लौटी. हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर करीब 1.2 प्रतिशत और आईटीसी के शेयर 0.4 प्रतिशत मजबूत हुए.
Gold-Silver की कीमतों में फिर लगी आग! सोना 1,900 रुपये महंगा, चांदी भी ढाई लाख के पास
बाजार में डर हुआ कम
शेयर बाजार में निवेशकों के डर और उतार-चढ़ाव को मापने वाला इंडिया VIX करीब 3 प्रतिशत गिरकर 14.82 पर आ गया. इसका मतलब है कि बाजार को लेकर निवेशकों की घबराहट कुछ कम हुई है. हालांकि, VIX में गिरावट का मतलब ये नहीं है कि आगे बाजार में गिरावट नहीं आएगी.
निफ्टी का लेवल
बाजार के एक्सपर्ट्स का मानना है कि, निफ्टी के लिए 22,300 का लेवल बहुत खास है. ऐसे में अगर निफ्टी 22,350 से 22,400 के सपोर्ट जोन के ऊपर बना रहता है, तो इसमें 22,600 तक तेजी देखने को मिल सकती है. निफ्टी फिलहाल 22,180 से 22,650 के दायरे में ही ट्रेड कर रहा है. अगर निफ्टी 22,180 के नीचे जाता है, तो गिरावट बढ़कर 22,000 तक पहुंच सकती है. दूसरी तरफ 22,650 के ऊपर निकलने पर 22,800 और 23,100 के लेवल देखने को मिल सकते हैं.
आईटी शेयरों में जोश
मंगलवार की तेजी में सबसे बड़ा हाथ आईटी सेक्टर का रहा. निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत उछल गया. टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में 2 से 5 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई. एचसीएल टेक के शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 4.9 प्रतिशत चढ़ गए. कंपनी का तिमाही नेट प्रोफिट 21.2 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो बाजार के अनुमान से बेहतर रहा. कंपनी की एडवांस्ड एआई सर्विस से सालाना आधार पर अनुमानित आय भी पिछली तिमाही के 171 मिलियन डॉलर से बढ़कर 219 मिलियन डॉलर हो गई.
आगे भी जारी रहेगी तेजी?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि आईटी कंपनियों के बेहतर नतीजों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. हालांकि, इस साल निफ्टी आईटी इंडेक्स अब तक करीब 23 प्रतिशत गिर चुका है. दूसरी तरफ एशियाई बाजारों में कमजोरी बनी हुई है. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 6 प्रतिशत गिरा. ऐसे में भारतीय बाजार में तेजी जरूर लौटी है, लेकिन निवेशकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
News Source: ANI
राकेट की रफ्तार से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था, IMF ने 7 % GDP ग्रोथ रेट का अनुमान लगाया
