Share Market Today: स्टॉक मार्केट में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहता है. इस दौरान शेयर बाजार के कई शेयरों में तेजी तो कई में सुस्ती दिखती है. बीते दिनों ईरान और अमेरिका संघर्ष को रोकने को लेकर शांति समझौते का ऐलान हुआ था, उसके बाद भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी दिखी थी. यह तेजी आज बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी बनती हुई दिखी है.
स्टॉक एक्सचेंज की आधिकारिक वेबसाइट BSE और NSE के अनुसार, सेंसेक्स और निफ्टी में आज फिर से तेजी दिखी है. बुधवार को मार्केट खुलते ही ये दोनों इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते हुए दिखे. आइए जानते हैं कि सेंसेक्स और निफ्टी की क्या चाल है और इसके साथ ही जानेंगे कि किन शेयरों में तेजी और किसमें सुस्ती या गिरावट देखी जा रही है.
सेंसेक्स में तीसरे दिन भी तेजी
इस हफ्ते सोमवार से लेकर आज बुधवार तक सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन तेजी दिखी है. आज बुधवार को 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स हरे निशान में 77080.09 के लेवल पर खुला. यह 9 बजकर 16 मिनट पर थोड़ा सा गिरकर 76,874.65 पर कारोबार करते हुए दिखा. इसमें 66 अंकों से अधिक की तेजी दिखी, जो करीब 0.09 फीसदी का उछाल है. बता दें कि बीते कारोबारी सत्र यानी मंगलवार को सेंसेक्स 76,808.48 के लेवल पर बंद हुआ था.

टेक महिंद्रा समेत इन शेयरों में उछाल
30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में आज कारोबारी सत्र की शुरुआत में तेजी दिखी. इसके 30 शेयरों में से 17 हरे और 13 लाल निशान में कारोबार करते हुए दिखे. तेजी वाले शेयरों की बात करें तो टेक महिंद्रा में 1.32 फीसदी की तेजी दिखी और यह हरे निशान में 1465.20 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. इंफोसिस में 1.10 फीसदी की तेजी दिखी. इंडिगो में 1.04 प्रतिशत, ट्रेंट में 1 फीसदी, टीसीएस में 0.87 फीसदी, सन फार्मा में 0.59 फीसदी, एचसीएल टेक में 0.57 फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में 0.41 प्रतिशत का उछाल देखा गया.
गिरावट वाले शेयरों की बात करें तो बजाज फाइनेंस में 0.59 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह लाल निशान में 953.70 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके अलावा अडानी पोर्ट्स में 0.41 फीसदी की गिरावट, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.41 फीसदी की सुस्ती, एक्सिस बैंक में 0.38 फीसदी की गिरावट, भारती एयरटेल में 0.32 फीसदी की सुस्ती और एनटीपीसी में 0.27 प्रतिशत की गिरावट दिखी है.

निफ्टी 24000 के पार
अब बात 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. आज बुधवार को बाजार खुलते ही इसमें तेजी दिखी और यह 24000 के ऊपर कारोबार करते हुए दिखा. मार्केट ओपनिंग के दौरान निफ्टी 24,044.50 के लेवल पर ट्रेड करते हुए नजर आया. करीब 9 बजकर 17 मिनट पर निफ्टी में 20.75 अंकों की तेजी दिखी और यह 0.09 फीसदी के उछाल के साथ हरे निशान में 24009.90 पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके कुल 50 शेयरों में से 24 में तेजी और 25 में गिरावट दर्ज की गई. बाकी का एक शेयर कोई बदलाव नहीं दिखाया.
पूरी कमाई आपकी और टैक्स जीरो! जानें भारत में 10 टैक्स-फ्री इनकम सोर्स, देखें लिस्ट
