Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार की शुरुआत शानदार तेजी के साथ हुई. हालांकि, कुछ ही देर में बाजार की चाल बदल गई. शुरुआती बढ़त के बाद सेंसेक्स ने दिन के हाई से करीब 600 अंक की बढ़त गंवा दी. वहीं, निफ्टी भी 22,500 के आसपास पहुंचकर प्रेशर में दिखा. निवेशकों की नजर अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील पर भी बनी हुई है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान के बाद बाजार की शुरुआती तेजी कुछ कमजोर पड़ती दिखाई दी. सुबह करीब 10:58 बजे सेंसेक्स 258.29 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,167.99 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, निफ्टी 75.30 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 22,497.25 पर पहुंच गया. बाजार में करीब 1,907 शेयर तेजी में थे. वहीं, 1,892 शेयरों में गिरावट देखने को मिली. 204 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ. मिडकैप शेयरों में भी खरीदारी दिखी और निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.6 प्रतिशत ऊपर रहा. हालांकि, स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट नजर आया.
ट्रेड डील की खबर
बाजार की नजर सबसे ज्यादा भारत-अमेरिका ट्रेड डील की बातचीत पर रही. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन दोनों पक्ष एक ऐसे पड़ाव पर पहुंच गए हैं जहां आगे का ‘गिव एंड टेक’ काफी मुश्किल हो सकता है. इस बयान के बाद सेंसेक्स ने दिन के हाई से करीब 450 अंक की बढ़त गंवा दी. निफ्टी भी 22,500 के लेवल से नीचे चला गया. अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमीसन ग्रीर ने भी कहा है कि भारत और अमेरिका समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल कोई तत्काल समझौता होने की उम्मीद नहीं है. यानी निवेशकों के लिए ट्रेड डील अभी भी एक बड़ा ‘वॉच पॉइंट’ बनी हुई है.
IT शेयरों में हलचल
IT सेक्टर में सोमवार को खास हलचल देखने को मिली. निफ्टी IT इंडेक्स करीब 1.6 प्रतिशत तक चढ़ा. इसकी बड़ी वजह ग्लोबल IT कंपनी एक्सेंचर का मजबूत रेवेन्यू आउटलुक रहा. इसका फायदा भारतीय IT कंपनियों के शेयरों को भी मिला. पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, एमफैसिस, विप्रो और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ जैसे शेयरों में तेजी देखने को मिली. हालांकि, IT सेक्टर की पूरी तस्वीर एक जैसी नहीं रही. HCL टेक्नोलॉजीज़ के शेयर करीब 2.06 प्रतिशत गिरकर 1,217.50 रुपये पर आ गए.
निफ्टी बैंक मजबूत
बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का माहौल रहा. निफ्टी बैंक करीब 250.48 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 54,702.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. PSU बैंक शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी दिखाई दी. बाजार में सरकारी बैंकों के शेयरों को लेकर सकारात्मक माहौल बना रहा. शुरुआती कारोबार में बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, कोल इंडिया, HDFC बैंक और NTPC जैसे शेयरों में तेजी देखने को मिली.
भारत में आया Apple Pay, अब iPhone से ऐसे होगी पेमेंट; जानें कार्ड, सिक्योरिटी और इस्तेमाल का तरीका
इन शेयरों में बड़ा उतार-चढ़ाव
सोमवार के कारोबार में कई बड़े शेयर निवेशकों के रडार पर रहे. मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के शेयर 2.08 प्रतिशत गिरकर 921.40 रुपये पर आ गए. हिंदुस्तान यूनिलीवर ने 52 वीक लो लेवल 1,828.05 रुपये बनाया. हालांकि, बाद में शेयर करीब 1,832.80 रुपये पर कारोबार करता दिखा. लिंडे इंडिया के शेयर भी 2.43 प्रतिशत गिरकर 6,095.50 रुपये पर पहुंच गए. एशियन पेंट्स में करीब 2.10 प्रतिशत की गिरावट आई. दूसरी तरफ टाइटन कंपनी के शेयर करीब 2.01 प्रतिशत चढ़कर 4,606.30 रुपये तक पहुंचे. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में भी 2.29 प्रतिशत की तेजी रही. शेयर 285.80 रुपये के आसपास पहुंच गया.
रुपये की मजबूती
करेंसी मार्केट में भारतीय रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले थोड़ा मजबूत खुला. रुपया 10 पैसे की बढ़त के साथ 96.22 रुपये प्रति डॉलर पर खुला. वहीं, पिछले कारोबारी सत्र में ये 96.32 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. इसके अलावा भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेशी निवेशकों की बिकवाली अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है. 1 अक्टूबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने भारतीय इक्विटी में 9,484.22 करोड़ रुपये की बिकवाली की. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DIIs बाजार में मजबूती से खरीदारी करते नजर आए. उन्होंने 10,041.84 करोड़ रुपये की खरीदारी की. इससे साफ है कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बावजूद घरेलू निवेशक बाजार को सपोर्ट देने की कोशिश कर रहे हैं.
सोने में भी तेजी
उधर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली. अमेरिका में अक्टूबर में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद कमजोर होने के बाद सोने की मांग बढ़ी. स्पॉट गोल्ड करीब 0.4 प्रतिशत बढ़कर 4,158.17 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स करीब 0.6 फीसदी चढ़ा. यानी भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को तस्वीर मिली-जुली रही. एक तरफ दुनियाभर का हाल, IT शेयरों में मजबूती और बैंकिंग शेयरों की खरीदारी बाजार को सहारा दे रही है. वहीं, दूसरी तरफ अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है.
News Source: ANI
Gulf संकट ने खोली भारत की ऊर्जा रणनीति की पोल, अब तेल-गैस के लिए जरूरी है Plan B
