Stock Market Today: पिछले हफ्ते करीब ढाई फीसदी तक गिरने के बाद आज सोमवार को शेयर बाजार हरे में खुला है. शनिवार व रविवार को पारंपरिक छुट्टी के बाद आज 27 जुलाई को बाजार खुला है. स्टॉक एक्सचेंज NSE और BSE की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स यानी कि सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दिखी. सेंसेक्स में जहां 600 अंकों से अधिक की तेजी दिखी है, वहीं निफ्टी 23,950 के ऊपर कारोबार करते हुए दिखा.

सेंसेक्स में 600 अंकों से अधिक की तेजी
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बाद, सोमवार को शुरुआती कारोबार में मार्केट बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में रिकवरी देखी गई. शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 566 अंक बढ़कर 76,608.66 पर पहुंच गया. 9 बजकर 40 मिनट पर सेंसेक्स में 605.60 अंकों की तेजी दिखी और यह हरे निशान में 0.80 फीसदी के उछाल के साथ 76,665.37 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा.
सेंसेक्स पैक से, इंटरग्लोब एविएशन, इंफोसिस, इटरनल, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और बजाज फाइनेंस प्रमुख लाभ कमाने वालों में शामिल रहे. मतलब कि इनमें तेजी दिखी. वहीं, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक इस मामले में पिछड़ गए और इनमें गिरावट दिखी.
निफ्टी का हाल
50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 153.60 अंक चढ़कर 23,923.30 पर पहुंच गया. 9 बजकर 46 मिनट पर इसमें 0.77 फीसदी की तेजी दिखी. यह 183.65 अंकों के उछाल के साथ 23,951.10 के लेवल पर कारोबार कर रहा था.

बाजार में तेजी की क्या है वजह?
एक्सपर्ट और एक्सिस डायरेक्ट के रिसर्च हेड राजेश पालविया ने कहा, “अमेरिका और ईरान द्वारा सैन्य कार्रवाई रोकने के बाद वीकेंड पर मार्केट सेंटीमेंट में काफी सुधार हुआ है, जिससे सप्लाई में तुरंत रुकावट का डर कम हो गया है.” उन्होंने आगे कहा, ” ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भारी गिरावट आई है, जिससे भारत को महंगाई की उम्मीदें कम होने, करंट अकाउंट आउटलुक में सुधार और रुपये पर दबाव कम होने के रूप में काफी फायदा मिला है.”
बता दें कि ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 4 प्रतिशत गिरकर 92.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है.
सेंसेक्स और निफ्टी में ढाई फीसदी की गिरावट
पिछले हफ्ते पांच कारोबारी दिनों में, भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई. बीएसई बेंचमार्क 2,091.68 अंक या 2.67 प्रतिशत गिर गया. वहीं, निफ्टी 566.85 अंक या 2.32 प्रतिशत गिर गया.
Share Market: पिछले चार महीने में सबसे खराब रहा यह हफ्ता, किन वजहों से बिगड़ी शेयर बाजार की चाल?
News Source: PTI
