Chandauli Fake Surgery: उत्तर प्रदेश के चंदौली से हैरान करने वाला सामने आया है, जहां हॉस्पटिल के डॉक्टर ने ही मरीज की सर्जरी कर दी. एक प्राइवेट हॉस्पिटल में डॉक्टर की गैर-मौजूदगी में हॉस्पिटल मैनेजर ने मरीज की सर्जरी कर दी, जिसके बाद महिला की मौत हो गई. पुलिस ने 24 साल के आरोपी को गैर-इरादतन हत्या के मामले में गिरफ्तार किया. एक प्रेस रिलीज के अनुसार आरोपी की पहचान इंद्रजीत प्रजापति के तौर पर हुई है, जो धनपुर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले महरैया के इंदिरा हॉस्पिटल का मैनेजर था.
गलत नस कटने से मौत
पुलिस ने बताया कि 19 अगस्त को जब डॉक्टर हॉस्पिटल नहीं पहुंचे, तो इंद्रजीत ने कथित तौर पर सुमन की सर्जरी की. प्रेस रिलीज में बताया गया है कि सुमन को 18 अगस्त को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. सर्जरी के दौरान कथित तौर पर एक गलत नस कट गई और उसकी किडनी डैमेज हो गई, जिसके बाद उसी रात उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि मृत महिला के पिता, लखईपुर गांव के रहने वाले चंद्रवली बिंद की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया.
आरोपी मैनेजर गिरफ्तार
प्रेस रिलीज के अनुसार, चंदौली के चीफ मेडिकल ऑफिसर द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर जांच की प्रक्रिया शुरू की गई. रिलीज में कहा गया है कि सीनियर अधिकारियों के निर्देशों पर और धनपुर स्टेशन हाउस ऑफिसर सूर्य प्रकाश मिश्रा की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने मुखबिर से मिली जानकारी के बाद 3 अक्टूबर को सुबह करीब 5 बजे इंदिरा हॉस्पिटल से प्रजापति को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह हॉस्पिटल का मैनेजर था और आमतौर पर मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टरों का इंतजाम करता था.
कार्रवाई कर रही पुलिस
प्रेस रिलीज के अनुसार, उसने कथित तौर पर माना कि घटना वाले दिन डॉक्टर के मौजूद न होने पर उसने खुद सर्जरी की, जिसके बाद मरीज की मौत हो गई. आरोपी महरैया गांव का रहने वाला है और मूल रूप से धनपुर पुलिस स्टेशन इलाके के रायपुर बमहनियाव गांव का निवासी है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है.
इससे पहले यूपी के बाराबंकी में एक फर्जी झोलछाप डॉक्टर ने यूट्यूब पर देखकर एक महिला का ऑपरेशन कर दिया था. उसने महिला के पेट में गहरा चीरा लगा दिया, जिससे पेट, छोटी आंत और भोजन नली से जुड़ी मुख्य नसें कट गईं. बहुत ज़्यादा खून बहने के कारण अगले ही दिन महिला की मौत हो गई.
News Source: ANI
