Awarapan 2 OTT Release: इमरान हाशमी के फैंस के लिए साल 2026 किसी ट्रीट से कम नहीं है. 2007 की कल्ट फिल्म ‘आवारापन’ की यादें ताजा करते हुए इमरान हाशमी एक बार फिर ‘आवारापन 2’ से अपने दमदार अंदाज में वापसी कर चुके हैं. फिल्म 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस वीकेंड के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई और आते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई. फिल्म में इमरान के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. अगर आप भी सिनेमाघर जाने के बजाय घर पर आराम से फिल्म देखने का इंतजार कर रहे हैं, तो OTT से जुड़ी ये खबर आपके काम की है.
कहां रिलीज़ होगी फिल्म ?
‘आवारापन 2’ के थिएट्रिकल वर्जन के ओपनिंग क्रेडिट्स में ही इसके OTT पार्टनर का खुलासा कर दिया गया था. ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी. हालांकि, अभी मेकर्स या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने इसकी आधिकारिक OTT रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है. आमतौर पर थिएटर में रिलीज होने वाली फिल्मों को OTT पर आने में करीब 6 से 8 हफ्ते का टाइम लगता है. ऐसे में उम्मीद है कि ‘आवारापन 2’ सितंबर के अंत से अक्टूबर की शुरुआत के बीच प्राइम वीडियो पर दस्तक दे सकती है.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी शिवम पंडित यानी इमरान हाशमी के किरदार के आस-पास घूमती है. शिवम की जिंदगी एक भटके हुए इंसान जैसी है. वो अपनी गोद ली हुई बेटी आलिया की चुपचाप देखभाल करता है. वही उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी है. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब आलिया का अपहरण हो जाता है. इस घटना के पीछे बच्चों की तस्करी से जुड़ा एक बड़ा और खतरनाक नेटवर्क है. बेटी को बचाने के लिए शिवम बैंकॉक पहुंचता है, जहां कई और बच्चे भी मुसीबत में होते हैं. बच्चों तक पहुंचने के लिए शिवम अंडरकवर होकर ड्रग लॉर्ड जोरावर के गैंग में शामिल हो जाता है. अपनी चालाकी से वो जल्द ही जोरावर का खास आदमी बन जाता है. इसी बीच उसकी मुलाकात जोरावर की बहन जारा से होती है, जिसका अपना एक अलग एजेंडा है. इसके बाद कहानी में एक्शन, धोखा, रिश्ते और बदले का तड़का लग जाता है. शिवम के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, आलिया को बचाना और जोरावर को खत्म करना.
बॉक्स ऑफिस पर धमाल
‘आवारापन 2’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई शुरू कर दी. स्वतंत्रता दिवस पर सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बंटवारा 1947’ से मुकाबले के बावजूद इमरान की फिल्म ने मजबूत शुरुआत की. पहले 4 दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 130 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया था. खास बात ये है कि 2007 में रिलीज हुई पहली ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई थी. हालांकि, समय के साथ ये कल्ट फिल्म बन गई. फिलहाल तो फैंस शिवम पंडित की इस नई कहानी का OTT पर इंतज़ार कर रहे हैं.
55 करोड़ के कर्ज के नीचे दबे हुए थे Sunny Deol, बैंक ने जारी कर दिया था घर नीलाम करने का नोटिस
