Kangana Ranaut New Video: भाजपा सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं. पिछले कुछ दिनों से Gen Z छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब कंगना ने एक नया वीडियो जारी करके मीडिया पर भी निशाना साधा है. इसके बाद CJP से जुड़े नेताओं के साथ उनकी जुबानी जंग और तेज हो गई है. कंगना के नए बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक तरफ कुछ लोग कंगना का समर्थन कर रहे हैं. वहीं, विपक्षी दल, कई कलाकार और सोशल मीडिया यूजर्स उनके शब्दों को आपत्तिजनक और असंवेदनशील बता रहे हैं.
मीडिया पर उठाए सवाल
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में कंगना रनौत ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. एक्ट्रेस का कहना है कि उन्होंने सिर्फ उन प्रदर्शनकारियों के व्यवहार का विरोध किया था, जो सार्वजनिक जगहों पर अभद्र भाषा और अशोभनीय हरकतें कर रहे थे. कंगना ने कहा कि समाज में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के सामने इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक, ऐसे व्यवहार को सामान्य बनाना गलत है. कंगना ने कहा कि उन्होंने सिर्फ इसी मुद्दे पर अपनी राय रखी थी.
प्रधानमंत्री का भी जिक्र
अपने वीडियो में कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. इससे कई लोगों की भावनाएं आहत हुईं. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी विचारधारा से जुड़े व्यक्ति के लिए मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना जरूरी है. साथ ही उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए विवादित शब्दों का इस्तेमाल भी किया. इसके बाद बहस और तेज हो गई.
Salman Khan को मिली बड़ी राहत, दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘काला हिरण’ फिल्म का टीजर हटाने का दिया आदेश
CJP से बढ़ी तकरार
इस पूरे विवाद के बीच CJP के प्रवक्ता सौरव दास और कंगना रनौत के बीच सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली. सौरव दास ने कंगना की भाषा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एक सांसद को इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि देश की युवा पीढ़ी के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है. इसके जवाब में कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सौरव दास की आलोचना की. उन्होंने कहा कि वो राजनीति में नई जरूर हैं, लेकिन पिछले दो दशकों से सार्वजनिक जीवन का हिस्सा रही हैं. उन्होंने अपने फिल्मी करियर और उपलब्धियों का भी जिक्र किया. साथ ही कहा कि सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों को हर कोई नहीं समझ सकता.
कलाकारों ने जताई नाराजगी
कंगना की टिप्पणियों पर विपक्षी नेताओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिय सरोज ने कहा कि Gen Z देश का भविष्य है. ऐसे में अगर वो अपने अधिकारों के लिए सवाल पूछ रहे हैं, तो उनका जवाब बातचीत से दिया जाना चाहिए, अपमान से नहीं. वहीं, एक्टर सोनू सूद ने भी कंगना के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बोलने से पहले अपने शब्दों के प्रभाव के बारे में जरूर सोचना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोगों का सम्मान करना सबसे जरूरी है. कंगना के बयान और नए वीडियो के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है. कुछ लोग उनका सपोर्ट करते हुए सार्वजनिक व्यवहार में शालीनता की बात कर रहे हैं. वहीं, कई यूजर्स उनके शब्दों को गलत बता रहे हैं. फिलहाल ये विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है.
News Source: PTI
Gen Z पर Kangana Ranaut की टिप्पणी से मचा बवाल, सोशल मीडिया से लेकर राजनीति तक छिड़ी बहस
