Mirzapur The Movie Box Office: कभी सिर्फ OTT की दुनिया में राज करने वाली ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर भी अपना दबदबा दिखा रही है. अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु जैसे दमदार कलाकारों से सजी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी शुरुआत की है, जिसने ट्रेड एक्सपर्ट्स तक को चौंका दिया है. फिल्म ने रिलीज के सिर्फ तीन दिनों में दुनियाभर में 132 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. अब ये इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्म बन चुकी है. सबसे दिलचस्प बात ये है कि फिल्म में कोई बॉलीवुड सुपरस्टार नहीं है. इसके बाद भी लोगों की एक्साइटमेंट कम नहीं है. यही वजह है कि ‘मिर्जापुर’ अब सिर्फ एक वेब सीरीज नहीं, बल्कि एक बड़ा ब्रांड बन चुकी है.
सबसे ज्यादा कमाई
रविवार यानी रिलीज के तीसरे दिन फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. ये अब तक का सबसे बड़ा सिंगल डे कलेक्शन है. इससे पहले शनिवार को फिल्म ने 32 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं, शुक्रवार को ओपनिंग डे पर इसकी कमाई 25.75 करोड़ रुपये रही थी. तीन दिनों में फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन करीब 93.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यानी 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को सिर्फ कुछ करोड़ की और जरूरत है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए ये आंकड़ा पहले सोमवार को ही पार हो सकता है.
Hanuman Ansh होगी उत्तराखंड में टैक्स फ्री, CM धामी ने फिल्म देखकर किया बड़ा ऐलान
हिंदी दर्शकों का साथ
फिल्म को हिंदी बेल्ट में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. तेलुगु डब वर्जन भी रिलीज किया गया. हालांकि, वहां से कमाई काफी कम रही. यानी कुल कमाई का बड़ा हिस्सा हिंदी दर्शकों की तरफ से आया है. सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार किया. जब इसे घरेलू ग्रॉस कलेक्शन के साथ जोड़ा गया तो फिल्म की कुल कमाई 132.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. OTT शो से फिल्म बनने का ये एक्सपेरिमेंट काफी बड़ा माना जा रहा था, लेकिन ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने साबित कर दिया कि अगर कहानी और किरदार मजबूत हों, तो दर्शक उन्हें बड़े पर्दे पर देखने के लिए भी तैयार रहते हैं.
पीछे छूटीं बड़े स्टार्स की फिल्में
‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. इमरान हाशमी की एक्शन फिल्म और अक्षय कुमार की एडवेंचर कॉमेडी जैसी फिल्मों से बेहतर ओपनिंग हासिल करके इसने सबको हैरान कर दिया. साल 2026 में ओपनिंग वीकेंड के मामले में ये फिल्म अब सिर्फ दो बड़ी फिल्मों से पीछे है. पहली धुरंधर और दूसरी बॉर्डर 2. फिलहाल ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा बड़ी चुनौती नहीं है. लेकिन आने वाले शुक्रवार को सैफ अली खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘हैवान’ रिलीज होने जा रही है. ऐसे में ‘मिर्जापुर’ के पास अगले कुछ दिन कमाई बढ़ाने का शानदार मौका है. वैसे, फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल, दिव्येंदु, रवि किशन, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रीया पिलगांवकर के साथ-साथ कई और कलाकार भी हैं.
