Mirzapur Trailer Review: ‘मिर्जापुर’ का नाम सुनते ही दिमाग में एक चीज सबसे पहले आती है और वो है ‘भौकाल’. तीन सफल सीजन के बाद अब ये पॉपुलर ओटीटी शो बड़े पर्दे पर फिल्म बनकर दस्तक देने जा रहा है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे देखकर इतना तो साफ है कि मेकर्स ने इस बार कहानी को छोटा नहीं, बल्कि बड़े लेवल पर लाने की पूरी तैयारी की है. करीब 3 मिनट के ट्रेलर में वही पुराना अंदाज देखने को मिलता है, जिसने ‘मिर्जापुर’ को घर-घर में लोकप्रिय बनाया. बंदूकें, मारधाड़, मजेदार ताने, दमदार डायलॉग और सबसे ऊपर सत्ता की ‘गद्दी’ के लिए जंग. यानी ट्रेलर में इन सबका भरपूर तड़का लगाया गया है. ऐसे में अगर आपको सीरीज का देसी और दबंग फ्लेवर पसंद आया था, तो ट्रेलर देखकर पुरानी यादें जरूर ताजा होंगी.
ओरिजिनल स्टारकास्ट
सबसे अच्छी बात ये है कि फिल्म में ओरिजिनल स्टारकास्ट की वापसी हो रही है. पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के अंदाज में नजर आ रहे हैं. वहीं, अली फजल का गुड्डू पंडित वाला तेवर भी बरकरार है. दिव्येंदु की मौजूदगी भी फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है. रसिका दुग्गल, राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, कुलभूषण खरबंदा और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं. लेकिन इस बार सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहे हैं रवि किशन. ट्रेलर में उनका अंदाज और डायलॉग डिलीवरी अलग ही रंग जमा रही है. ऐसा लगता है कि उनका किरदार कालीन भैया के लिए एक बड़ा खतरा बनने वाला है. रवि किशन की एंट्री फिल्म के भौकाल को एक नया ट्विस्ट देगी. इन सबके अलावा फिल्म में मोहित मलिक, सुशांत सिंह, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान जैसे नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं.
Spider Man Brand New Day जल्द आएगी OTT पर? घर बैठे देख पाएंगे टॉम हॉलैंड का सुपरहीरो अंदाज
कहानी में नया मोड़
बताया जा रहा है कि इस बार मिर्जापुर की कहानी का बैकड्रॉप सीजन 1 जैसा ही है. हालांकि, ट्रैक बिल्कुल नया होगा. यही बात फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ाती है. यानी मेकर्स सिर्फ पुरानी कहानी को दोहराने के बजाय नया अध्याय खोलने की कोशिश करते दिख रहे हैं. ‘गद्दी न तो विरासत से मिलती है, न सियासत से. मिलती है तो सिर्फ बाहुबल से और टिकती है डर पर.’ ट्रेलर का ये अंदाज साफ कर देता है कि फिल्म में सत्ता और दबदबे की लड़ाई पहले से ज्यादा बड़े लेवल पर होगी. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी इसके निर्माता हैं. फिल्म 4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. कुल मिलाकर, ट्रेलर ने उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं. अगर मेकर्स ‘मिर्जापुर’ के पुराने भौकाल को बड़े पर्दे से सही तरीके से जोड़ पाए, तो ये फिल्म थिएटर में लोगों की भीड़ लगा सकती है. अब असली सवाल बस इतना है, गद्दी किसकी होगी और इस बार भौकाल किसका चलेगा? तो इसका जवाब 4 सितंबर को मिल ही जाएगा.
CINTAA में बड़ा विवाद, 11 सदस्यों ने दिया इस्तीफा; एक्टर्स पर मनमानी का आरोप
