New OTT Release: फरवरी का दूसरा हफ्ता भी एंटरटेनमेंट के लिहाज़ से काफी शानदार रहने वाला है. आप भी अपनी वॉचलिस्ट तैयार कर लें, क्योंकि आज आपके लिए इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज़ होने वाली फिल्मों और सीरीज़ की एक लिस्ट लाए हैं.
9 February, 2026
अगर आप भी मेरी तरह वीकेंड का बेसब्री से इंतज़ार करते हैं ताकि अपनी वॉचलिस्ट को थोड़ा अपडेट कर सकें, तो खुश हो जाइए. दरअसल, 9 से 15 फरवरी के बीच OTT की दुनिया में एंटरटेनमेंट की ऐसी लहर आने वाली है जो आपको अपनी सीट से चिपकने पर मजबूर कर देगी. आप अलग-अलग ओटीटी पर, घर के कंफर्ट में रहकर अपने पसंद का कंटेंट देख सकते हैं. यही वजह है कि आज आपके लिए इस हफ्ते रिलीज़ होने वाली फिल्मों और वेब सीरीज की लिस्ट लाए हैं. ये लिस्ट देखकर आप ये तय कर पाएंगे कि आपको अपना डेटा और टाइम कहां खर्च करना है.

कोहरा सीजन 2
अगर आपने ‘कोहरा’ का पहला सीजन देखा है, तो आप जानते होंगे कि ये वेब सीरीज़ सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री नहीं है, बल्कि उलझी हुई कहानी है. 11 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली इस सीरीज़ में बरुन सोबती यानी हमारे प्यारे अमरपाल गरुंडी भी वापस आ रहे हैं. इस बार उनकी पोस्टिंग दलेरपुरा में हुई है और उनकी नई बॉस हैं धनवंत कौर, जिनका किरदार निभाया है मोना सिंह ने. कहानी एक महिला के मर्डर के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी बॉडी उसके भाई के बाड़े में मिलती है. शक की सुई पति (रणविजय सिंहा) पर भी है.

बेबी गर्ल
साउथ की फिल्मों का अपना ही एक स्वैग होता है. सोनी-लिव पर 12 फरवरी को आने वाली ‘बेबी गर्ल’ एक ऐसी ही फिल्म है. तिरुवनंतपुरम के एक अस्पताल से क्रिसमस की रात एक बच्चा गायब हो जाता है. शक की सुई निविन पॉली यानी सनल मैथ्यू पर जाकर रुकती है. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, कई राज़ सामने आते हैं. अगर आपको इमोशनल थ्रिलर पसंद है, तो नेटफ्लिक्स पर इस शो को मिस न करें.
यह भी पढ़ेंः प्यार, तकरार और ढेर सारा इंतज़ार, Gen Z के ये 10 फेवरेट K Drama आपको मॉडर्न डेटिंग के हर रंग दिखाएंगे!

म्यूजियम ऑफ इनोसेंस
नोबेल अवॉर्ड विनर ओरहान पामुक के फेमस नोवल पर बेस्ड नेटफ्लिक्स शो म्यूजियम ऑफ इनोसेंस 13 फरवरी से स्ट्रीम होने वाला है. 70 के दशक के इस्तांबुल की ये कहानी एक अमीर बिजनेसमैन कमाल और एक दुकानदार लड़की फुसुन की है. कमाल का प्यार इस हद तक बढ़ जाता है कि वो अपनी गर्लफ्रेंड के ईयररिंग्स और यहां तक कि सिगरेट के टुकड़े तक, इकट्ठा करने लगता है. ये स्टोरी आपको प्यार की एक अलग ही दुनिया में ले जाएगी.

प्रिडेटर: बैडलैंड्स
जियो-हॉटस्टार पर 12 फरवरी को रिलीज़ होने वाली प्रिडेटर: बैडलैंड्स ‘प्रिडेटर’ फ्रेंचाइजी में एक नया मोड़ लेकर आई है. पहली बार एक एलियन ही फिल्म का हीरो है और इसमें एली फैनिंग भी हैं. अगर आपको साइंस-फिक्शन और एक्शन का देखना पसंद है, तो डैन ट्रेक्टेनबर्ग की ये फिल्म आपके लिए ही बनी है.

क्रॉस सीजन 2
प्राइम वीडियो पर ‘क्रॉस सीजन 2’ भी आ रहा है. आप इसे 11 फरवरी से देख पाएंगे. इसमें जासूस एलेक्स क्रॉस एक बिलियनेर को बचाने के मिशन पर हैं. इसके अलावा नेटफ्लिक्स पर ‘स्टेट ऑफ फियर’ भी आ रही है. साथ ही अगर आप कुछ हल्का-फुल्का देखना चाहते हैं, तो ‘द बर्ब्स’ 9 फरवरी से जियो-हॉटस्टार पर देखें, जो टॉम हैंक्स की पुरानी क्लासिक का नया अवतार है.
यह भी पढ़ेंः थिएटर्स के बाद अब OTT पर दिखेगा Mardaani 3 का दम, जानें कब और कहां स्ट्रीम होगी Rani की फिल्म
