Wamiqa Gabbi: साउथ सिनेमा की फिल्म DC इन दिनों चर्चा में है. इसकी वजह सिर्फ फिल्म की कहानी या निर्देशक अरुण माथेश्वरन का अंदाज नहीं है. फिल्म में निर्देशक से अभिनेता बने लोकेश कनगराज के साथ नजर आ रहीं वामिका गब्बी भी लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रही हैं. फिल्म में वो चंद्रा का किरदार निभा रही हैं, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं.
आखिर कौन हैं वामिका गब्बी?
वामिका गब्बी उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने किसी एक भाषा या इंडस्ट्री तक खुद को कभी नहीं बांधा. हिंदी और पंजाबी फिल्मों से लेकर तमिल और मलयालम सिनेमा तक वो अपनी एक्टिंग का जलवा दिखा चुकी हैं. चंडीगढ़ में पैदा हुईं वामिका ने कम उम्र में ही कैमरे के सामने काम करना शुरू कर दिया था. हिंदी फिल्म ‘जब वी मेट’ में भी वो बाल कलाकार के तौर पर नजर आई थीं. समय के साथ वामिका ने फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. ‘जुबली’ जैसी सीरीज में उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया. इसके बाद विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘खुफिया’ में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग से दर्शकों और क्रिटिक्स का ध्यान खींचा.
DC में चंद्रा बनकर छाईं
अब उनकी चर्चा तमिल फिल्म DC को लेकर हो रही है. अरुण माथेश्वरन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में लोकेश कनगराज देवदास के किरदार में हैं. वहीं, वामिका चंद्रा की भूमिका निभा रही हैं. फिल्म में दोनों की जोड़ी कहानी की जान है. DC लोकेश कनगराज के लिए भी खास है, क्योंकि वो पहली बार लीड एक्टर बनकर लोगों के सामने आए हैं. फिल्म में उनका किरदार काफी रॉ और इंटेंस दिखाया गया है. वहीं. वामिका का चंद्रा वाला किरदार कहानी में एक अलग रंग डालता है.
कहानी और थ्रिल में हिंदी से एक कदम आगे हैं ये 5 रीजनल वेब सीरीज, खोलकर रख देंगी दिमाग!
पहले भी कर चुकी हैं काम
दिलचस्प बात ये है कि DC वामिका का तमिल सिनेमा से पहला रिश्ता नहीं है. वो इससे पहले तमिल फिल्म ‘मालाई नेराथु मयक्कम’ में भी नजर आ चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने मलयालम फिल्म ‘गोधा’ में भी काम किया है. यही वजह है कि वामिका के लिए अलग-अलग भाषाओं में काम करना कोई नई बात नहीं है. वो अपने किरदार के हिसाब से भाषा, लुक और बॉडी लैंग्वेज पर काम करने के लिए फेमस हो चुकी हैं.
DC ने बढ़ाई फैन फॉलोइंग
DC की रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर काफी चर्चा हो रही थी. फिल्म 31 जुलाई, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई. इसमें अनिरुद्ध का संगीत है, जबकि सिनेमैटोग्राफी मुकेश ने संभाली है. वैसे, वामिका गब्बी का सफर ये बताता है कि अच्छी एक्टिंग के लिए सिर्फ बड़ा बैनर नहीं, बल्कि दमदार किरदार और उसे निभाने का जुनून भी जरूरी है. DC में चंद्रा बनकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वामिका अब सिर्फ पंजाबी या हिंदी सिनेमा का नाम नहीं, बल्कि पैन-इंडिया फैंस के दिलों में भी अपनी जगह बना चुकी हैं.
Shraddha Kapoor की Eetha का इंतजार होगा खत्म, विठाबाई बनकर 4 दिसंबर को आएंगी पर्दे पर
