Home Top News एक के बाद एक धमाके से दहला पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा, 7 लोगों की मौत और कई जख्मी

एक के बाद एक धमाके से दहला पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा, 7 लोगों की मौत और कई जख्मी

by Amit Dubey 20 June 2026, 2:27 PM IST (Updated 20 June 2026, 2:28 PM IST)
20 June 2026, 2:27 PM IST (Updated 20 June 2026, 2:28 PM IST)
Khyber Pakhtunkhwa Blast

Khyber Pakhtunkhwa Blast: पाकिस्तान से दोहरे ब्लास्ट की खबर सामने आई है. इस घटना में अब तक 7 लोगों की मौत बताई जा रही है. कई मीडिया रिपोर्ट में इसे एक आतंकी घटना भी बताया जा रहा है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा उस समय धमाकों की आवाज से दहल उठा, जब सड़क किनारे एक के बाद एक दो धमाके हुए. बताया गया कि इस धमाके में आईईडी (improvised explosive device) ब्लास्ट किया गया था. इसकी चपेट में आने से 7 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई जबकि कई अन्य जख्मी हो गए. आइए जानते हैं पूरी खबर.

एक के बाद एक विस्फोट और 7 की मौत

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को पाकिस्तान की पुलिस ने बताया कि देश के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को सड़क किनारे दो धमाके हुए. इस दोहरे विस्फोट में कम से कम सात लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि ये धमाके उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के बन्नू जिले के मरका बेरा इलाके में हुए. हालांकि, अभी तक किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है.

पाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट तब हुआ जब यात्री वैन हाथी खेल गांव से बन्नू शहर जा रही थी. वहीं, बन्नू जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) यासिर अफरीदी के अनुसार, पहला विस्फोट तब हुआ जब सड़क किनारे लगाए गए एक IED में विस्फोट हो गया, जिससे एक यात्री वैन क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई.

उन्होंने आगे कहा कि इसके कुछ ही समय बाद उसी स्थान पर दूसरा विस्फोट हुआ, जिसमें बचाव कार्यों में लगे लोगों को निशाना बनाया गया. दूसरे विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. डीएसपी ने बताया कि घायलों और मृतकों के शवों को पास के अस्पताल में ले जा गया है. वहीं, इस धमाके की घटना की जांच शुरू कर दी गई है.

अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना- सीएम अफरीदी

जानकारी के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस घटना की कड़ी निंदा की और पुलिस को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. उन्होंने विस्फोटों से संबंधित परिस्थितियों की गहन जांच के आदेश भी दिए. सीएम ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रांतीय सरकार इस कठिन समय में हर संभव सहायता प्रदान करेगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि विस्फोटों में घायल हुए लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाए.

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रांतीय सरकार दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी.” वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी धमाकों की निंदा की.

लेबनान में भीषण युद्ध के बाद सीजफायर, इजरायल और हिजबुल्लाह ने जताई सहमति

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?