Ghewar Recipe: हरियाली तीज का त्योहार हो और मिठाई की बात न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है? तीज के मौके पर घर में घेवर आए तो त्योहार का मजा ही कुछ और हो जाता है. राजस्थान की ये मशहूर मिठाई अपनी जालीदार बनावट, कुरकुरे स्वाद और रबड़ी की वजह से खूब पसंद की जाती है. अगर इस बार बाजार से घेवर खरीदने के बजाय घर पर ही कुछ खास बनाने का मन है, तो थोड़ी सी मेहनत से आप टेस्टी घेवर तैयार कर सकती हैं.
घेवर बनाने के लिए क्या चाहिए?
घेवर के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी. मैदा, घी, बर्फ जैसा ठंडा पानी, दूध और नींबू का रस, इतना ही काफी है. चाशनी के लिए चीनी और पानी लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची और ऊपर से सजाने के लिए कटे हुए बादाम-पिस्ता रख सकते हैं. अगर आपको मलाई वाला घेवर पसंद है तो बाजार की रबड़ी की जगह घर पर बनी गाढ़ी रबड़ी भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

हर कैफे में क्यों छाया हुआ है Matcha? जानिए किस देश से शुरू हुआ ये ग्रीन ड्रिंक ट्रेंड
पहले तैयार करें बैटर
एक बड़े बर्तन में थोड़ा घी लेकर उसमें बर्फ का टुकड़ा डालकर अच्छी तरह फेंटें. घी हल्का और क्रीमी होने लगे तो इसमें दूध और मैदा डालें. अब ठंडा पानी डालते हुए इसे लगातार फेंटते रहें. ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा गाढ़ा हो और न बहुत पतला. इसमें नींबू का रस मिलाने से घेवर पर जाली आने में मदद मिलती है.
अब आएगा असली मजा
घेवर बनाने के लिए गहरे और चौड़े बर्तन में घी या तेल गर्म करें. अब बैटर को एक छोटे चम्मच या करछी की मदद से बहुत पतली धार में गर्म घी के बीच में डालें. बैटर डालते ही बुलबुले उठेंगे, इसलिए इसे धीरे-धीरे डालना जरूरी है. पहली परत के बाद थोड़ी देर रुकें और फिर उसी तरह दूसरी परत डालें. इसी तरह जरूरत के हिसाब से कई परतें बनाएं. जब घेवर सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो इसे निकालकर रख लें.

चाशनी और रबड़ी से करें फिनिशिंग
अब चीनी और पानी से चाशनी तैयार करें. ठंडे घेवर पर चाशनी डालें और ऊपर से रबड़ी की मोटी परत लगाएं. इसके बाद बादाम, पिस्ता और थोड़ी इलायची से सजाएं. अगर आप चाहें तो रबड़ी के साथ केसर भी डाल सकती हैं. इससे घेवर का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ेंगे.
इन बातों का रखें ध्यान
घेवर बनाते समय बैटर ठंडा और पतला रखना सबसे जरूरी है. तेल या घी अच्छी तरह गर्म होना चाहिए. बैटर हमेशा धीरे-धीरे डालें और हर परत के बीच थोड़ा समय दें. ऐसे आप तीज पर बाजार की मिठाई लाने की बजाय घर में ही कुरकुरा और रबड़ी से सजा घेवर तैयार कर सकेंगे.
आखिर किस देश की देन है Biryani? भारत तक पहुंचने की वो कहानी, जिसने एक डिश को बना दिया दुनिया की पसंद
