Home लाइफस्टाइलरेसिपी आखिर किस देश की देन है Biryani? भारत तक पहुंचने की वो कहानी, जिसने एक डिश को बना दिया दुनिया की पसंद

आखिर किस देश की देन है Biryani? भारत तक पहुंचने की वो कहानी, जिसने एक डिश को बना दिया दुनिया की पसंद

by Preeti Pal 10 August 2026, 1:17 PM IST (Updated 10 August 2026, 1:24 PM IST)
10 August 2026, 1:17 PM IST (Updated 10 August 2026, 1:24 PM IST)
आखिर किस देश की देन है Biryani? भारत तक पहुंचने की वो कहानी, जिसने एक डिश को बना दिया दुनिया की पसंद

Biryani History: बिरयानी का नाम सुनते ही क्या आपके दिमाग में खुशबूदार चावल, मसालों की महक आती हैं? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं. बिरयानी उन चुनिंदा व्यंजनों में शामिल है, जिसके नाम पर देश, शहर और यहां तक कि परिवारों में भी बहस छिड़ सकती है. किसी को हैदराबादी बिरयानी पसंद है, किसी के लिए लखनऊ की नफासत वाली बिरयानी सबसे खास है, तो कोई कोलकाता की बिरयानी में पड़े आलू के बिना इसे अधूरा मानता है. लेकिन एक सवाल आज भी लोगों को खूब उलझाता है कि आखिर सबसे पहले बिरयानी बनाई किस देश ने थी? इस सवाल का जवाब उतना सीधा नहीं है, जितना लगता है. बिरयानी पर किसी एक देश का पूरा अधिकार बताना इतिहास के साथ थोड़ी नाइंसाफी होगी. दरअसल, इतिहासकारों का मानना है कि, आज जिस बिरयानी को हम जानते और पसंद करते हैं, वो कई सदियों के सांस्कृतिक मेल-जोल, यात्राओं, व्यापार और स्थानीय स्वादों का नतीजा है. इसकी शुरुआती जड़ें प्राचीन फारस यानी आज के ईरान तक जाती हैं.

फारस से हुई शुरुआत

बिरयानी के इतिहास की शुरुआत समझने के लिए हमें आज से कई सदियां पीछे जाना होगा. इसके नाम और शुरुआती परंपराओं का रिश्ता फारसी संस्कृति से जोड़ा जाता है. माना जाता है कि बिरयानी शब्द फारसी के बिरिंज यानी चावल और बिरयान जैसे शब्दों से जुड़ा है. इसका मतलब भूनने या पकाने से पहले तैयार करने से संबंधित माना जाता है. वैसे भी, फारसी रसोइयों की पहचान महकते चावल की डिशेस के लिए रही है. वो चावल के साथ मांस, जड़ी-बूटियां, सूखे मेवे और केसर जैसे महंगे मसालों का इस्तेमाल करते थे. इन व्यंजनों को अक्सर ढककर धीमी आंच पर पकाया जाता था, ताकि हर सामग्री की खुशबू और स्वाद एक-दूसरे में अच्छी तरह घुल जाए. हालांकि, ये कहना सही नहीं होगा कि वही शुरुआती फारसी डिश आज की बिरयानी थी. दरअसल, दोनों में अंतर था. लेकिन खाना पकाने की तकनीक, सुगंधित चावल और मांस को एक साथ पकाने की परंपरा ने उस व्यंजन की नींव जरूर तैयार की, जो आगे चलकर बिरयानी के नाम से मशहूर हुआ.

भारत में कैसे पहुंची बिरयानी?

अब कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा आता है. बिरयानी भारत तक कैसे पहुंची, इसे लेकर इतिहास में एक से ज्यादा थ्योरीज हैं. सबसे लोकप्रिय धारणा इसे मुगल साम्राज्य से जोड़ती है. 16वीं सदी से भारत में मुगलों के आने के साथ फारसी संस्कृति और खान-पान की कई परंपराएं भी यहां आईं. मुगल शाही रसोई अपने शानदार खाने के लिए फेमस थीं. यहां विदेशी पाक तकनीकों का मेल भारतीय मसालों और स्थानीय सामग्रियों से होने लगा. यही वो जगह थी जहां चावल की एक सिंपल डिश धीरे-धीरे भारतीय रंग लेने लगी. भारतीय रसोइयों ने इसमें अपने मसाले जोड़े, अलग-अलग तरह के चावल इस्तेमाल किए और स्थानीय मांस, सब्जियों और जड़ी-बूटियों को शामिल किया. नतीजा ये हुआ कि फारसी शैली की ये डिश धीरे-धीरे भारतीय स्वाद में ढलती चली गई. हालांकि, एक दूसरी धारणा ये भी कहती है कि फारस और मध्य एशिया से आने वाले व्यापारी और यात्री मुगल काल से पहले ही ऐसी चावल की डिश भारतीय पश्चिमी तट तक ला चुके थे. बाद में लोकल खान-पान के साथ उनका मेल हुआ और अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग रूप विकसित हुए. यानी बिरयानी की भारत यात्रा शायद किसी एक रास्ते से नहीं हुई. अलग-अलग समय पर अलग-अलग लोगों और संस्कृतियों ने इसमें अपना स्वाद मिलाया.

स्वाद का प्रमोशन! कभी खेत की पगडंडियों पर खाते थे, आज रेस्टोरेंट्स में इन 6 डिशेज के लिए भारी बिल चुकाते हैं

भारत में बदला बिरयानी का अंदाज

भारत आने के बाद बिरयानी की असली कहानी शुरू होती है. यहां की विविधता ने इस डिश को इतना बदल दिया कि आज बिरयानी कहना एक अकेली डिश का नाम लेना नहीं, बल्कि कई तरह के स्वादों की पूरी दुनिया को पहचानना है.

हैदराबादी बिरयानी

हैदराबाद की बिरयानी का नाम आते ही मसालों और दम की खुशबू महसूस होने लगती है. यहां की मशहूर कच्ची बिरयानी में मैरिनेट किया हुआ कच्चा मांस और चावल एक साथ दम पर पकाए जाते हैं. धीमी आंच पर पकने के दौरान मांस का रस चावल में पूरी तरह मिक्स हो जाता है और स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. यही दम वाली तकनीक हैदराबादी बिरयानी को सबसे बड़ी खासियत है.

लखनऊ की अवधी बिरयानी

अगर हैदराबादी बिरयानी मसालों की तेज आवाज है, तो अवधी बिरयानी को धीमी और शाही धुन कहा जा सकता है. लखनऊ की अवधी बिरयानी में मसालों का इस्तेमाल नफासत के साथ किया जाता है. नवाबी रसोई के असर ने इसे एक ऐसा स्वाद दिया जिसमें खुशबू और बैलेंस पर खास ध्यान दिया जाता है. यहां बिरयानी सिर्फ पेट भरने का खाना नहीं, बल्कि एक पाक कला की तरह विकसित हुई.

कोलकाता की बिरयानी

बिरयानी की बात हो और कोलकाता का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. कोलकाता बिरयानी की सबसे अलग पहचान है इसमें शामिल बड़ा सा आलू. कहा जाता है कि नवाब वाजिद अली शाह के कोलकाता आने के बाद इस तरह की बिरयानी को खास पहचान मिली. उस समय मांस की तुलना में आलू एक सस्ता और आसानी से मिलने वाला ऑप्शन था. धीरे-धीरे आलू इस बिरयानी की पहचान ही बन गया. आज कई लोग मजाक में कहते हैं कि कोलकाता बिरयानी में आलू सिर्फ साइड डिश नहीं, बल्कि स्टार है.

पुरखों की मिठास और बंटवारे का दर्द, कुछ ऐसी है सोहन हलवे के शाही सफर की अनकही कहानी

दक्षिण भारत का अपना स्वाद

बिरयानी की कहानी सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं है. दक्षिण भारत में भी इसकी कई शानदार वैराइटी मिलती हैं. केरल की थलस्सेरी और मालाबार बिरयानी में खुशबूदार छोटे दाने वाले चावल का इस्तेमाल किया जाता है. दूसरी तरफ तमिलनाडु में अंबूर और डिंडीगुल बिरयानी अपने खास मसालों और चटपटे स्वाद के लिए मशहूर है. तटीय इलाकों में स्थानीय खान-पान का असर भी साफ दिखाई देता है. कहीं समुद्री खाने का इस्तेमाल हुआ, तो कहीं नारियल और लोकल मसालों ने बिरयानी को नया स्वाद दिया. यही वजह है कि एक ही नाम के बावजूद अलग-अलग जगहों की बिरयानी खाने पर ऐसा लगता है जैसे हम बिल्कुल अलग डिश खा रहे हों.

पाकिस्तान और बांग्लादेश का हिस्सा

बिरयानी की यात्रा भारत की सीमाओं पर रुक नहीं गई. पाकिस्तान, बांग्लादेश और दक्षिण एशिया के दूसरे हिस्सों में भी इस डिश ने लोकल स्वाद को अपनाया. कहीं मसाले ज्यादा तीखे हुए, कहीं चावल का वैराइटी बदली, कहीं मांस के साथ अंडे या आलू जुड़े तो कहीं स्थानीय जड़ी-बूटियों और मसालों ने इसे नया रूप दिया. यानी बिरयानी की सबसे बड़ी खासियत शायद यही है कि ये जहां पहुंची, वहीं की हो गई.

असली बिरयानी किसकी है?

अब वापस आते हैं उस बड़े सवाल पर कि बिरयानी किस देश ने बनाई? अगर सिर्फ इसकी शुरुआती जड़ों की बात करें, तो फारस यानी आज का ईरान इसमें खास जगह रखता है. बिरयानी के नाम और शुरुआती चावल पकाने की परंपराओं का संबंध फारसी खान-पान से जोड़ा जाता है. लेकिन अगर आज की बिरयानी की बात करें, तो कहानी बदल जाती है. आज जो मसालेदार, खुशबूदार, परतदार और दम पर पकाई जाने वाली बिरयानी दुनिया भर में पसंद की जाती है, वो भारतीय उपमहाद्वीप में कई सदियों में विकसित हुई. भारतीय मसालों, स्थानीय चावल, अलग-अलग मांस, सब्जियों और पकाने की तकनीकों ने इसे एक नया रूप दिया. यही वजह है कि इतिहासकार आमतौर पर बिरयानी का कोई एक आविष्कारक तय ही नहीं कर पाते. ऐशे में बिरयानी को किसी एक देश की बनाई हुई चीज के बजाय सांस्कृतिक मेल का टेस्टी रिजल्ट कहना ज्यादा सही होगा.

शाही दस्तरखान से आपकी थाली और फिर Eid तक, सेवइयां की मीठी कहानी जिसने पूरे हिंदुस्तान का जीता दिल

इमोशन्स का हिस्सा

आज बिरयानी की लोकप्रियता सिर्फ इसके स्वाद तक नहीं है. ये शादियों, त्योहारों, फैमिली फंक्शन और खास मौकों का हिस्सा बन चुकी है. कई घरों में बिरयानी की रेसिपी पीढ़ियों से चली आ रही है. दादी के हाथ की बिरयानी, मां की खास मसाला मिक्स या परिवार की अपनी दम लगाने की तकनीक, इन सबमें सिर्फ खाना नहीं, यादें भी शामिल होती हैं. वहीं, बिरयानी की खासियत इसका स्वाद और टेक्सचर भी है. खुशबूदार चावल, नरम मांस या सब्जियां, गर्म मसाले, केसर और धीमी आंच पर पकने की तकनीक मिलकर ऐसा स्वाद तैयार करती है, जो एक साथ शाही भी लगता है और घर जैसा भी. शायद यही वजह है कि बिरयानी का स्वाद हर उम्र के लोगों को पसंद आता है.

हर प्लेट में छिपी है एक कहानी

अगर गौर करें तो बिरयानी की एक प्लेट सिर्फ चावल और मसालों का मेल नहीं है. उसमें यात्राओं की कहानी है, व्यापार की कहानी है, राजघरानों की रसोई है, स्थानीय किसानों की उपज है और अलग-अलग संस्कृतियों का मेल है. हैदराबाद की बिरयानी हमें दक्खिनी पाक परंपरा की याद दिलाती है. लखनऊ की बिरयानी नवाबी नफासत की कहानी सुनाती है. कोलकाता की बिरयानी बताती है कि कैसे एक आलू भी किसी डिश की पहचान बन सकता है. वहीं दक्षिण भारत की बिरयानी दिखाती है कि स्थानीय चावल और मसालों के साथ एक पुरानी डिश कितनी खूबसूरती से नया रूप ले सकती है.

आखिर जवाब क्या है?

तो अगर कोई आपसे पूछे कि बिरयानी सबसे पहले किस देश ने बनाई थी, तो इसका जवाब होगा, शुरुआती जड़ें प्राचीन फारस में मिलती हैं, लेकिन आज जिस बिरयानी को दुनिया भर में पसंद किया जाता है, वो भारत में निखरी. इसलिए बिरयानी को किसी एक देश की सीमा में बांधना शायद इसके इतिहास को छोटा करना होगा. ये उन व्यंजनों में से है जो हमें बताते हैं कि जब अलग-अलग संस्कृतियां मिलती हैं, तो सिर्फ कहानियां और परंपराएं ही नहीं बदलतीं, कभी-कभी एक ऐसा स्वाद भी पैदा होता है, जो सदियों बाद पूरी दुनिया को एक ही प्लेट के सामने बैठा देता है. सच कहें तो बिरयानी की सबसे खूबसूरत बात यही है, कि हर शहर की अपनी बिरयानी है, हर घर की अपनी रेसिपी है और हर खाने वाले की अपनी पसंद. लेकिन जैसे ही ढक्कन उठता है और मसालों की खुशबू हवा में फैलती है, बहस अक्सर एक ही बात पर खत्म होती है, थोड़ी और मिल सकती है क्या?

हर कैफे में क्यों छाया हुआ है Matcha? जानिए किस देश से शुरू हुआ ये ग्रीन ड्रिंक ट्रेंड

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?