CJP Protest: दिल्ली में 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ काक्रोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए 9 अक्टूबर को रात 9:00 बजे से लेकर 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद किए जा सकते हैं. इन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे. इसके अलावा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और निजामुद्दीन से जाने वाली कुछ ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी. दिल्ली पुलिस ने शनिवार (10 अक्टूबर) को होने वाले प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने और इन स्टेशनों पर ट्रेनों की संख्या कम करने का प्रस्ताव दिया है.
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने DMRC को लिखा पत्र
गुरुवार को लिखे एक पत्र में संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रांसपोर्ट रेंज) ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) से अनुरोध किया कि वे नई दिल्ली जिले में जंतर-मंतर और अन्य जगहों पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पहचाने गए मेट्रो स्टेशनों पर ज़रूरी कदम उठाएं. उन्होंने संवेदनशील जगहों की ओर अनियंत्रित भीड़ के बढ़ने की आशंका का हवाला दिया. CJP ने कथित वोट की चोरी को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर युवाओं के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है. प्रस्तावित प्रतिबंध शुक्रवार रात 9 बजे से शुरू होंगे और 10 अक्टूबर को स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेंगे. इन 57 स्टेशनों में राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, पटेल चौक, जनपथ, नई दिल्ली, मंडी हाउस, ITO, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, करोल बाग, INA, हौज खास, लाजपत नगर, जामिया मिलिया इस्लामिया, सीलमपुर, वेलकम, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी ईस्ट और रोहिणी वेस्ट आदि शामिल हैं.
अभिजीत दिपके का दावा- हर हाल में होगा मार्च
पुलिस ने DMRC से अनुरोध किया है कि वह प्रस्तावित उपायों को लागू करने के लिए अपने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को ज़रूरी निर्देश जारी करे. विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए एहतियाती इंतज़ाम करने को कहा गया है. प्रस्तावित प्रतिबंध स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेंगे. इस बीच, CJP कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन से पहले कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है, लेकिन उन्होंने मार्च जारी रखने का संकल्प लिया. उन्होंने कहा कि हमारे 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले BJP सरकार ने देश भर में हज़ारों युवाओं को हिरासत में लिया है. मैं कल दिल्ली पहुंचूंगा और जंतर-मंतर तक मार्च करूंगा, चाहे कुछ भी हो जाए.
देर से मिला आवेदन : दिल्ली पुलिस
उधर, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर शनिवार को होने वाले CJP के विरोध-प्रदर्शन की मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया है. दिल्ली पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और कुछ छात्र संगठनों द्वारा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुलाए गए विरोध प्रदर्शन की इजाज़त देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने इजाज़त न देने की वजह के तौर पर एप्लीकेशन देर से जमा करने और पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया.
पुलिस को विरोध प्रदर्शन की इजाज़त के लिए एप्लीकेशन 7 अक्टूबर को मिली यानी प्रदर्शन से सिर्फ़ तीन दिन पहले. हालांकि, नियमों के मुताबिक, ऐसी एप्लीकेशन कम से कम 10 दिन पहले जमा की जानी चाहिए, ऐसा नई दिल्ली रेंज की जॉइंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस नूपुर प्रसाद ने कहा. उन्होंने बताया कि नई दिल्ली ज़िले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है.
CJP प्रदर्शन से पहले अलर्ट! 26 हजार जवान तैनात, शराब की दुकानें बंद, स्कूलों पर नजर
News Source: ANI
